शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

सूरजपुर: यौन शोषण के प्रयास पर किशोरी ने बुजुर्ग को उतारा मौत के घाट

C

CG Khabar

30 सित. 2026, 01:49 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में 17 वर्षीय एक किशोरी ने अपने 65 वर्षीय बुजुर्ग रिश्तेदार (चौकीदार) की नृशंस हत्या कर दी. घटना की वजह देर रात किशोरी के साथ हुआ कथित यौन शोषण बताया जा रहा है. किशोरी जिसे 'बाबा' कहकर बुलाती थी और जिस पर उसे भरोसा था, उसी ने विश्वासघात करते हुए इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की.


मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता कुछ दिन पहले ही काम के सिलसिले में पास के गांव से सूरजपुर आई थी और उस निर्माणाधीन मकान में रह रही थी जहां उसका रिश्तेदार चौकीदारी करता था. 27 सितंबर की रात खाना खाने के बाद दोनों सो गए. आरोप है कि देर रात बुजुर्ग ने किशोरी के साथ यौन शोषण का प्रयास किया.


खुद को बचाते हुए किशोरी ने विरोध किया और पास में पड़े लोहे के रॉड से बुजुर्ग के सिर पर वार कर दिया. इसके बाद बिस्तर के पास रखी ब्लेड से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. 


अगली सुबह जब निर्माण कार्य के लिए मजदूर पहुंचे, तो उन्होंने किशोरी को जल्दबाजी में वहां से निकलते देखा. अंदर जाकर देखने पर खून से लथपथ शव बरामद हुआ.


सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान किशोरी ने पूरी घटना का खुलासा करते हुए यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया. 


पुलिस ने किशोरी को किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के समक्ष पेश कर अंबिकापुर स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया है. फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP