14 हाईकोर्ट जजों का तबादला, छत्तीसगढ़ के संजय अग्रवाल जाएंगे इलाहाबाद
SC कॉलेजियम ने 14 HC जजों के तबादले का प्रस्ताव रखा
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उच्च न्यायपालिका में बड़े पैमाने पर फेरबदल के तहत 14 हाई कोर्ट जजों के तबादले का प्रस्ताव रखा है.
बार एण्ड बेंच के हवाले से खबर है कि इनमें से एक जज, जस्टिस अरुण मोंगा, जिन्हें पिछले महीने ही राजस्थान हाई कोर्ट से दिल्ली हाई कोर्ट स्थानांतरित किया गया था, का नाम भी शामिल है. उनकी मूल हाई कोर्ट पंजाब और हरियाणा है.
कॉलेजियम ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीस संजीव सचदेवा के बाद वरिष्ठतम जज जस्टिस अतुल श्रीधरन के छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में तबादले की सिफारिश करने की योजना बनाई है.
सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित तबादलों की सूची को केंद्र सरकार को पुष्टि के लिए एक या दो दिन में भेजने से पहले कुछ छोटी औपचारिकताएं पूरी की जानी बाकी हैं.
अन्य जज जिनके तबादले की सिफारिश की जाने की संभावना है, उनमें शामिल हैं:
1-जस्टिस संजय अग्रवाल - छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से इलाहाबाद हाई कोर्ट
2-जस्टिस जे. निशा बानु - मद्रास हाई कोर्ट से केरल हाई कोर्ट
3-जस्टिस दिनेश मेहता - राजस्थान हाई कोर्ट से दिल्ली हाई कोर्ट
4-जस्टिस अवनीश झिंगन - राजस्थान हाई कोर्ट से दिल्ली हाई कोर्ट
5-जस्टिस संजय कुमार सिंह - इलाहाबाद हाई कोर्ट से मद्रास हाई कोर्ट
6-जस्टिस रोहित रंजन अग्रवाल - इलाहाबाद हाई कोर्ट से कलकत्ता हाई कोर्ट
7-जस्टिस मनवेंद्रनाथ रॉय - गुजरात हाई कोर्ट से आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट
8-जस्टिस डोनाडी रमेश - इलाहाबाद हाई कोर्ट से आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट
9-जस्टिस संदीप नटवरलाल भट्ट - गुजरात हाई कोर्ट से मध्य प्रदेश हाई कोर्ट
10-जस्टिस चंद्रशेखरन सुधा - केरल हाई कोर्ट से दिल्ली हाई कोर्ट
11-जस्टिस तारा वितस्ता गंजू - दिल्ली हाई कोर्ट से पटना हाई कोर्ट
12-जस्टिस सुभेंदु समंता - कलकत्ता हाई कोर्ट से आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट
यह दूसरी बार है जब सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हाल के समय में हाई कोर्ट्स में बड़े पैमाने पर फेरबदल की सिफारिश की है.
26 मई को, कॉलेजियम ने 22 जजों के तबादले की सिफारिश की थी.
उसी दिन, चार हाई कोर्ट्स के मुख्य न्यायाधीशों को बदलने की सिफारिश भी की गई थी.
इनमें से अधिकांश सिफारिशों को बाद में केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी थी.