शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ब्लैक मंडे : एशियाई देशों में शेयर बाजार मुंह के बल गिरा

स

सीजी ख़बर

07 अप्रै. 2025, 07:29 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

शेयर बाजार
शेयर बाजार

नई दिल्ली | डेस्क: सोमवार को भारत समेत एशियाई देशों का शेयर बाज़ार मुंह के बल गिर गया है. सोमवार सुबह निफ्टी में 4 फ़ीसदी से ज़्यादा की गिरावट देखने को मिली. वहीं, सेंसेक्स में 2,300 पॉइंट से ज़्यादा की गिरावट नज़र आई.


माना जा रहा है कि हालात ऐसे ही बने रहे तो दुनिया भर में महंगाई और मंदी का दौर आ सकता है.


कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शेयर बाज़ार की हालत को लेकर कहा कि बाज़ार, पूर्वानुमान के अनुसार "टैरिफ़ाइंग" तरीके से प्रतिक्रिया दे रहे हैं.


दुनिया के अलग-अलग देशों पर अमरीका द्वारा आयात शुल्क टैरिफ़ की घोषणा के बाद से ही आशंका जताई जा रही थी कि इसका शेयर बाज़ार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा. शेयर बाज़ार के दिग्गज सोमवार की प्रतीक्षा कर ही रहे थे.


सोमवार की सुबह जैसे ही शेयर बाज़ार खुला, पूरा बाज़ार मुंह के बल गिर गया.


भारतीय इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी, दोनों शेयर बाज़ार सूचकांक में 4 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई. दोपहर 12.29 बजे बीएसई सेंसेक्स 3,222 अंक या 4.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था. वहीं निफ्टी 1041 अंक या 4.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 21,863.80 था.


भारत में 4% गिरावट के अलावा सिंगापुर के एसटीआई में 7.1%, ताइवान के ताइएक्स में 9.6%, हांगकांग के हेंगसेंग में 9.8%, जापान में निक्केई में 6.3%, चीन के शंघाई कंपोजिट में 6.6%, ऑस्ट्रेलिया के एएसएक्स 200 में 4.5%, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में 4.4% और अमरीका के डाउ जोंस फ्यूचर्स में 2% की गिरावट दर्ज की गई.


इस बीच अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मैं किसी चीज़ में गिरावट नहीं चाहता, लेकिन कभी-कभी चीज़ें ठीक करने के लिए दवाई लेनी पड़ती है. एक दिन लोग समझेंगे कि अमेरिका के लिए टैरिफ़ "एक बहुत ही सुंदर चीज़" है.


ट्रंप ने कहा- "टैरिफ़ लगने के बाद नौकरियां और निवेश अमेरिका में वापस आ रहे हैं. और दुनिया जल्द ही अमेरिका के साथ बुरा व्यवहार करना बंद कर देगी. कोई भी व्यवस्था अस्थाई होगी. मैंने कई यूरोपीय और एशियाई नेताओं से बात की है. वो लोग समझौता करने के लिए बेताब हैं."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP