रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर में तेज रफ्तार वाहन ने 18 मवेशियों को कुचला

बिलासपुर में फिर तेज रफ्तार वाहन ने 18 मवेशियों को कुचला

H

Hupendra Sharma

28 जुल. 2025, 08:56 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

सड़क पर मवेशी
सड़क पर मवेशी

बिलासपुर | संवाददाता। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नेशनल हाईवे पर फिर अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मवेशियों को कुचल दिया. वाहन की चपेट में आने से 18 गाय-बैलों की मौत हो गई. जबकि, करीब आधा दर्जन मवेशी घायल हैं.


घटना रविवार देर रात की है. आक्रोशित गौ-सवकों ने इसकी शिकायत थाने में की है. 

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र के सिलपहरी और ढेंका के पास की है. घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर भाग निकला.


बताया गया कि यहां हमेशा ही सड़क पर मवेशियों का जमावड़ा रहता है. बीती रात को भी काफी संख्या में गाय, बैल और छोटे-छोटे बछड़े झुंड में बैठे हुए थे.


इस दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया. घटना की जानकारी सोमवार को सुबह हुई. सूचना मिलते ही काफी संख्या गौ सेवक मौके पर पहुंचे.


गौ सेवकों ने घायल मवेशियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद पास ही सड़क किनारे गड्ढ़ा खोदकर मृत मवेशियों का अंतिम संस्कार किया.


गौ सेवकों ने चकरभाठा थाने में मामले की शिकायत की है. 


ज्ञात हो कि पखवाड़े भर के अंदर बिलासपुर में यह दूसरी घटना है. इससे पहले 14 जुलाई को रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने 14 मवेशियों को कुचल दिया था.


15 जुलाई को हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सरकार से भी सवाल किए थे कि सड़क पर बैठे मवेशी कब तक हटाए जाएंगे.


इससे पहले भी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को हटाने के लिए राज्य शासन को आदेश जारी कर चुका है.


लेकिन सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिसकी वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं.


वहीं कलेक्टर संजय अग्रवाल लगातार अफसरों की बैठक ले रहे हैं. कलेक्टर से अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सड़क पर बैठे मवेशियों को हटाया जाए.


उन्होंने मवेशियों को सड़क पर छोड़ने वाले गौ पालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP