जशपुर में बेटे ने की मां की हत्या
जशपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मामूली विवाद के बाद एक बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी. आरोपी ने अपने मामा के घर में घटना को अंजाम दिया.
उसके बाद वह भागने के फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
यह पूरा मामला तुमला थाना क्षेत्र के फरदबहार गांव का है. आरोपी युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी.
बताया गया कि आरोपी युवक कमल राम मां दशमती बाई के साथ तुमला थाना क्षेत्र के फरदबहार गांव मामा के घर आया था.
कल दोपहर में जहां कमल राम और दशमती बाई के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई.
गुस्से में आकर कमल राम ने पास ही पड़े टांगी से मां पर वार कर दिया.
बहन की चीखने की आवाज सुनकर दशमती का भाई सुबरन राम दूसरे कमरे से बाहर निकला तो, देखा कि कमल राम अपनी मां के गले पर टांगी से लगातार वार कर रहा था.
सुबरन के शोर मचाया तो आरोपी टांगी छोड़कर मौके से भाग गया. गर्दन पर गंभीर चोट लगने से दशमती बाई की मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात की सूचना मिलते ही तुमला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
वारदात के कुछ ही घंटों के बाद पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने बताया कि मां के साथ पारिवारिक विवाद के दौरान गुस्से में उसने टांगी से वार कर दिया. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.