छत्तीसगढ़ से महाकुंभ जा रहे चार सहित छह लोगों की मौत
रायपुर| संवाददाताः छत्तीसगढ़ से प्रयागराज महाकुंभ जा रहे छत्तीसगढ़ के हेड-कॉन्स्टेबल, उनकी मां और बेटे समेत 6 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई.
वहीं इस हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घटना यूपी के सोनभद्र में हुई है, जहां तेज रफ्तार कार और एक ट्रेलर में आमने-सामने टक्कर हो गई.
भिड़ंत इतनी जोरदार थी की कार सवार सभी लोग कार में ही फंस गए थे. गाड़ी को काटकर उन्हें बाहर निकालना पड़ा.
घायलों का उपचार वाराणसी में चल रहा है.
पुलिस के मुताबिक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर के रामानुजगंज के रहने वाले हेड-कॉन्स्टेबल रवि प्रकाश मिश्रा अपनी मां उषा मिश्रा, पत्नी प्रियंका मिश्रा, बेटे दिव्यांशु मिश्रा, अथर्व मिश्रा और मेड दुर्गा देवी के साथ महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे.
गाड़ी उनका ड्राइवर सने कादरी उर्फ सनाउल्ला खलीफा चला रहा था.
रविवार देर शाम को वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे-5अ पर हाथीनाला थाना क्षेत्र के रानीताली इलाके में कार का एक ट्रेलर से टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार उछलकर पास के एक मकान में जा घुसी.
कार सवार सभी लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर मंगाकर कार के दरवाजे को काटना पड़ा.
हादसे में रवि प्रकाश, उषा मिश्रा, अथर्व और ड्राइवर की मौत हो गई. जबकि दिव्यांशु मिश्रा, प्रियंका और दुर्गा देवी गंभीर रूप से घायल हैं.
हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में एक राहगीर और एक ट्रक चालक की भी मौत हो गई.