सीतापुर: अश्लील हरकत के शिकार 12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
सीतापुर में अश्लील हरकत का शिकार हुआ 12वीं का नाबालिग छात्र कुछ दिन पहले ही दोबारा स्कूल जाने लगा था, जहां शनिवार सुबह उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला.
अंबिकापुर । संवाददाता: सीतापुर में कक्षा 12वीं में पढ़ने वाले एक नाबालिग छात्र ने अपने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना शनिवार तड़के की है, जब सुबह परिजनों ने उसे फंदे पर लटका पाया.
आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सीतापुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले मृतक के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत की घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
इस घटना के बाद से छात्र ने स्कूल जाना बंद कर दिया था, हालांकि पिछले दो-तीन दिनों से ही उसने दोबारा स्कूल जाना शुरू किया था.
सीतापुर क्षेत्र के महामाया पारा में हुई इस दुखद घटना के संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है. जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस कदम के पीछे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी.