एकता दिवस पर 490 कर्मियों को मिला 'केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक'
एकता दिवस पर केंद्रीय एवं राज्य पुलिस बलों के 490 कर्मियों को 'केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक' से सम्मानित किया गया. इसमें नक्सल विरोधी अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए CRPF को सबसे अधिक 115 पदक मिले. छत्तीसगढ़ पुलिस को 15 पदक मिले हैं.
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के उन जवानों को इस वर्ष एकता दिवस के अवसर पर 'केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक' से सम्मानित किया गया है, जिन्होंने 31 मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद के खात्मे के लिए समन्वित और निर्णायक लड़ाई लड़ी. कुल 490 पदक विजेताओं की सूची में इन जवानों का नाम प्रमुखता से शामिल है. एकता दिवस का यह अवसर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के रूप में मनाया जाता है.
नक्सल क्षेत्र में दो प्रमुख 'विशेष अभियानों' के लिए CRPF कर्मियों को 115 गृहमंत्री पदक मिले हैं. इसमें इस वर्ष फरवरी में चलाया गया करेगुट्टालु पहाड़ियों का दूसरा संस्करण (KGH-2) अभियान और जनवरी 2026 में झारखंड का 'ऑपरेशन मेधाबुरू' शामिल है. छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर CPI (माओवादी) के अंतिम गढ़ को ध्वस्त करने में KGH-2 अभियान की निर्णायक भूमिका रही.
इसके कारण शीर्ष नक्सली नेता तिप्पिरी तिरुपति उर्फ देवजी और मल्ला राजी रेड्डी उर्फ संग्राम का आत्मसमर्पण हुआ, जिसने CPI (माओवादी) की पोलित ब्यूरो और केंद्रीय समिति जैसी शीर्ष निर्णय लेने वाली संस्थाओं पर अंतिम प्रहार किया. KGH-2 अभियान की सफलता के लिए CRPF के 19 कर्मियों को सम्मानित किया गया.
झारखंड के सारंडा जंगलों में चलाए गए प्रमुख नक्सल विरोधी अभियान के लिए CRPF के 96 कर्मियों को गृहमंत्री पदक मिला. इस अभियान ने झारखंड में सशस्त्र नक्सलवाद को लगभग समाप्त कर दिया. इसके तहत केंद्रीय समिति के सदस्य पतिराम मांझी उर्फ अनल दा और 14 अन्य मारे गए, जबकि पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा को भागने पर मजबूर होना पड़ा, जिसे अंततः जुलाई 2026 में धनबाद जिले से गिरफ्तार कर लिया गया.
विशेष अभियानों के क्षेत्र में CRPF को सबसे अधिक 115 पदक प्राप्त हुए. इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस को 15, झारखंड पुलिस को 28, तेलंगाना पुलिस को 21 और महाराष्ट्र पुलिस को 7 पदक से सम्मानित किया गया. अभियानों के लिए अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली पुलिस को 36, पंजाब पुलिस को 37, असम पुलिस को 19 और महाराष्ट्र पुलिस को 7 पदक मिले.
जांच के क्षेत्र में, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) को 56 पदक, CBI को 15, तथा राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को पांच-पांच पदक मिले. जांच में उत्कृष्टता के लिए सम्मानित राज्य पुलिस में महाराष्ट्र, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, गुजरात और कर्नाटक शामिल हैं.
फॉरेंसिक क्षेत्र में, CFSL चंडीगढ़ को तीन पदक मिले, जबकि बिहार, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु की पुलिस को एक-एक पदक मिला. वर्ष 2024 में शुरू किया गया 'केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक' केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के कर्मियों द्वारा अभियानों, जांच और खुफिया सेवा में असाधारण प्रदर्शन के साथ-साथ सेवारत सरकारी फॉरेंसिक वैज्ञानिकों के सराहनीय कार्यों को मान्यता देता है.