रवि, 01 नव. 2026

CGKhabar

SECR: दीपावली और छठ पर यात्रियों की सहूलियत के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान

दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल और दुर्ग-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है.

C

CG Khabar

01 नव. 2026, 08:29 AM 2 मिनट में पढ़ें 26

रेलगाड़ी- सांकेतिक फोटो
रेलगाड़ी- सांकेतिक फोटो

बिलासपुर । संवाददाता: त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने गोंदिया-पटना और दुर्ग-दिल्ली के मध्य विशेष रेल सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है. यात्रा पर निकलने से पहले रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों को एनटीईएस, रेलवन ऐप या अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ट्रेनों के ठहराव, दिन और समय-सारणी की पुष्टि करने का सुझाव दिया है ताकि सफर में कोई परेशानी न हो.

दुर्ग से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए 08795 दुर्ग-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जो 2 नवंबर को दुर्ग से सुबह 11 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी. केवल एक फेरे के लिए संचालित होने वाली 18 कोच (14 एसी थर्ड, 1 एसी सेकंड, 1 स्लीपर और 2 पावर कार) की यह ट्रेन रायपुर (सुबह 11:35 बजे), उसलापुर (दोपहर 1:40 बजे), शहडोल (शाम 4:40 बजे), कटनी मुड़वारा (रात 7:20 बजे) और सागर (रात 9:53 बजे) रुकेगी. इसके बाद यह वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट और मथुरा के रास्ते अपनी यात्रा पूरी करेगी.

दूसरी तरफ, गोंदिया और पटना के बीच नवंबर माह में पूजा स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में 3-3 फेरे लगाएगी. 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल 6 से 20 नवंबर तक हर शुक्रवार गोंदिया से दोपहर 12:30 बजे छूटकर अगले दिन शाम 4:30 बजे पटना पहुंचेगी. वापसी में 08896 पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल 7 से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को पटना से शाम 6:10 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन सुबह 3 बजे गोंदिया पहुंचेगी. 

कुल 20 कोच (10 स्लीपर, 3 एसी थर्ड, 1 एसी सेकंड, 4 सामान्य और 2 एसएलआरडी) वाली यह ट्रेन छत्तीसगढ़ के गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ स्टेशनों पर ठहरेगी. इसके अलावा इसका ठहराव झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मूरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, धनबाद, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, जमुई, किउल और राजेंद्रनगर टर्मिनल पर भी रहेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP