रायपुर कलेक्टरेट परिसर में 50 वर्षीय चौकीदार ने फांसी लगाई
रायपुर कलेक्टरेट परिसर में शनिवार सुबह एक 50 वर्षीय चौकीदार का शव फांसी पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान दिनेश कुमार पटेल के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में कर्ज और उधारी की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित कलेक्टरेट परिसर में शनिवार सुबह एक 50 वर्षीय चौकीदार फांसी पर लटका मिला. मृतक की पहचान टिकरापारा थाना क्षेत्र के बोरिया खुर्द स्थित श्री साईं नगर निवासी दिनेश कुमार पटेल के रूप में हुई है.
दिनेश कुमार पटेल को शनिवार सुबह करीब 6:50 बजे कलेक्टरेट परिसर में देखा गया था. इसके बाद सुबह लगभग 9 बजे उनका शव बरामद हुआ, जिसकी सूचना तुरंत सिविल लाइंस थाना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
सिविल लाइंस थाना प्रभारी यमन देवांगन ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक पूछताछ और जांच में कर्ज तथा उधारी से जुड़े मामले सामने आए हैं. पुलिस ने इस संबंध में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
सूत्रों और खबरों के अनुसार पटेल पर 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि आर्थिक देनदारियों का इस मौत से कोई सीधा संबंध है या नहीं.
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल सिविल लाइंस थाना पुलिस घटना के आसपास की परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों तथा परिचितों से पूछताछ कर रही है.