व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी, हमलावर ढेर
वाशिंगटन । डेस्क: वाशिंगटन में व्हाइट हाउस के पास एक सुरक्षा चेकपोस्ट पर अंधाधुंध गोलीबारी करने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति को अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने मार गिराया है. शनिवार शाम करीब 6 बजे (22:00 GMT) हुई इस हिंसक घटना में एक आम नागरिक भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस हमले के बाद तुरंत व्हाइट हाउस को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया गया.
घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं. सीक्रेट सर्विस के किसी भी अधिकारी को इस घटना में कोई चोट नहीं आई है.
राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार संघीय एजेंसी सीक्रेट सर्विस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस घटनाक्रम की पुष्टि की है. शुरुआती जांच के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति अपने बैग में हथियार छिपाकर लाया था. उसने 17थ स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू के चौराहे पर स्थित सीक्रेट सर्विस चेकपोस्ट के पास पहुंचते ही बैग से हथियार निकाला और तैनात अधिकारियों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.
इसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी गोलीबारी की. जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से संदिग्ध गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बाद में नजदीकी जॉर्ज वाशिंगटन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
चश्मदीदों के मुताबिक, घटना के वक्त व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन से 30 से अधिक राउंड फायरिंग की आवाजें सुनी गईं. सुरक्षा के लिहाज से वहां मौजूद पत्रकारों को तुरंत दौड़कर प्रेस ब्रीफिंग रूम के अंदर शरण लेने के निर्देश दिए गए.
पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और नेशनल गार्ड के जवानों ने सुरक्षा कारणों से मीडिया को घटना स्थल की ओर बढ़ने से रोक दिया है. खबरों के अनुसार, संदिग्ध के खिलाफ हाल ही में एक 'स्टे-अवे ऑर्डर' (दूर रहने का आदेश) जारी किया गया था, जिसका उल्लंघन करते हुए वह सुरक्षा क्षेत्र में दाखिल हुआ था.
इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों से भी तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. होमलैंड सिक्योरिटी के सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि वह स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह गोलीबारी याद दिलाती है कि कानून प्रवर्तन अधिकारी हर दिन कितने बड़े खतरों का सामना करते हैं.
वहीं, रिपब्लिकन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव के सदस्यों ने ट्रंप के सुरक्षित होने की पुष्टि की है. हाउस मेजॉरिटी लीडर स्टीव स्केलिस ने चिंता जताते हुए कहा कि हम बेहद खतरनाक दौर में जी रहे हैं. इस बीच व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने स्थिति को सामान्य बताने का प्रयास करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि राष्ट्रपति रात 8 बजे भी अपने काम में व्यस्त थे.
हाल के दिनों में सुरक्षा उल्लंघन का यह दूसरा बड़ा मामला है. इससे पहले 25 अप्रैल को व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर के दौरान भी ट्रंप की हत्या के प्रयास की खबर आई थी.
इस नई घटना ने राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एफबीआई निदेशक काश पटेल ने कहा कि उनकी टीम सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है. फिलहाल हमलावर की पहचान और उसके मकसद का खुलासा नहीं किया गया है.
<blockquote class="twitter-tweet"><p lang="en" dir="ltr">Preliminary statement regarding the shooting incident on 17th Street and Pennsylvania Avenue. <a href="https://t.co/NOdFKmwVuU">pic.twitter.com/NOdFKmwVuU</a></p>— U.S. Secret Service Office of Communications (@SecretSvcSpox) <a href="https://twitter.com/SecretSvcSpox/status/2058341552234115202?ref_src=twsrc%5Etfw">May 24, 2026</a></blockquote> <script async src="https://platform.twitter.com/widgets.js" charset="utf-8"></script>