शशि थरूर को मिली मानद डी.लिट की उपाधि
कोलकाता । डेस्क: सेंट जेवियर्स यूनिवर्सिटी, कोलकाता ने अपने सातवें दीक्षांत समारोह के दौरान तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर को मानद उपाधि डी.लिट से सम्मानित किया. इस अवसर पर शशि थरूर ने गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी मातृ संस्था (अल्मा मेटर) से भारत में अपनी पहली डी.लिट प्राप्त करना उनके लिए बेहद गौरवपूर्ण है.
उन्होंने जेसुइट शिक्षा पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि सीखने का असली उद्देश्य केवल पेशेवर उन्नति नहीं, बल्कि नैतिक निर्णय और सामाजिक जागरूकता विकसित करना है. उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र के लिए सुनने, प्रश्न करने और असहमति जताने की क्षमता अनिवार्य है.
दीक्षांत समारोह में रोम स्थित सुपीरियर जनरल रेव डॉ. आर्टुरो सोसा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिन्होंने बुद्धि और सहानुभूति के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया.
इस समारोह में 1052 स्नातकोत्तर व स्नातक छात्रों और 25 पीएचडी शोधार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जबकि 17 मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक मिले.
विश्वविद्यालय के कुलपति रेव डॉ. जॉन फेलिक्स राज ने इस ऐतिहासिक मौके पर घोषणा की कि शैक्षणिक सत्र 2026 से संस्थान में बी.टेक प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है. इसके साथ ही भविष्य में मेडिकल कॉलेज, स्कूल ऑफ डिजाइन, स्कूल ऑफ नर्सिंग और इंटीग्रेटेड एमबीए जैसे कई नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे.