कोरबा में LPG की भारी किल्लत, आंदोलन की चेतावनी
कोरबा। संवाददाता: छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र कोरबा में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर की भारी किल्लत ने आम जनता और एसईसीएल कर्मियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दीपका भारत गैस गेवरा प्रोजेक्ट कंज्यूमर्स को-आपरेटिव स्टोर्स लिमिटेड के अधीन आने वाले हजारों उपभोक्ता सिलेंडर के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं.
क्षेत्र में गैस की इस भारी कमी के कारण घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे कामकाजी वर्ग और स्कूली बच्चों को समय पर भोजन नहीं मिल पा रहा है.
उपभोक्ताओं का आरोप है कि महीनों पहले बुकिंग कराए जाने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. वितरण व्यवस्था में आई इस बाधा के कारण लोगों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो उग्र प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा.
इसी तरह की बदहाली कोरबा की पवन गैस एजेंसी में भी देखने को मिल रही है, जहां पिछले कई दिनों से लोग सुबह होने से पहले ही खाली सिलेंडर लेकर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं.
एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी सेवा बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं को स्वयं दफ्तर तक चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
हालांकि शनिवार से घर तक सिलेंडर पहुंचाने की सेवा आंशिक रूप से बहाल होने से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन मांग की तुलना में आपूर्ति अब भी काफी कम है.
स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की इस सुस्ती ने पूरे कोयलांचल क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है.