रिश्वतखोरी मामले में SECR के Sr मैकेनिकल इंजीनियर CBI द्वारा गिरफ्तार
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के एक वरिष्ठ अधिकारी और उनके बिचौलिए को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. भिलाई में कार्यरत इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ मैकेनिकल इंजीनियर्स (IRSME) के अधिकारी अनमोल उके (सीनियर DME) ने एक ठेकेदार के बकाया बिलों के भुगतान के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी.
बाद में सौदा एक लाख रुपये में तय हुआ, जिसकी पहली किस्त के रूप में 50,000 रुपये लेते समय 13 अगस्त को सीबीआई ने दोनों को धर दबोचा. इसके बाद 14 अगस्त को उनकी औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज की गई.
गिरफ्तारी के उपरांत जांच एजेंसी ने आरोपी अधिकारी के रायपुर और भिलाई स्थित आवास एवं कार्यालय पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. तलाशी के दौरान अधिकारियों को लगभग 77 लाख रुपये नकद और करीब 14 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए.
अदालत ने आरोपी रेलवे अफसर और उनके सहयोगी को चार दिनों की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है. जांच एजेंसी के अनुसार मामले के तार अन्य वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़े होने की संभावना है, जिसकी विस्तृत जांच जारी है.