'सरदार जी 3' में हानिया आमिर से विवाद
नई दिल्ली । मनोरंजन डेस्क: पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सरदार जी 3' के ट्रेलर के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. विवाद की वजह फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर का दिखना है, जिसे भारतीय दर्शकों के एक वर्ग ने नापसंद किया है.
फिल्म का ट्रेलर 22 जून को जारी किया गया, जिसमें हानिया आमिर नजर आईं. यह फिल्म 27 जून को विदेशों में रिलीज होगी, लेकिन भारत में अभी इसकी कोई घोषणा नहीं हुई है.
कई भारतीय दर्शकों ने दिलजीत दोसांझ और फिल्म निर्माताओं पर पाकिस्तानी कलाकार को कास्ट करने का आरोप लगाया है.
दोनों देशों के बीच राजनीतिक रिश्तों में खटास के बाद भारतीय दर्शक पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय प्रोजेक्ट्स में शामिल होने का विरोध करते रहे हैं.
हानिया ने अतीत में भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर पर विवादित टिप्पणियां की थीं, जिससे कई भारतीय नाराज हैं. हानिया का इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक है, जो उनकी छवि को लेकर भारत में मौजूद आपत्तियों को दर्शाता है.
कुछ समय पहले पंजाबी फिल्म निर्देशक चंदर कंबोज ने संकेत दिया था कि हानिया के सीन्स को दोबारा शूट किया जा सकता है. हालांकि, ट्रेलर में उनकी मौजूदगी से साफ है कि फिल्म में उनका रोल बरकरार है.
फिल्म निर्देशक राकेश धवन ने पहले ही कहा था कि 'सरदार जी 3' की शूटिंग भारत-पाक तनाव से पहले हुई थी और बजट के कारण इसे दोबारा शूट करना मुश्किल है.
हानिया ने 2016 में पाकिस्तानी फिल्म 'जनान' से डेब्यू किया था. वह 'तितली', 'ना मालूम अफराद 2' और 'परवाज़ है जुनून' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं.
उन्होंने 'इश्किया', 'कभी मैं कभी तुम' जैसे पाकिस्तानी टीवी शोज़ में भी काम किया है.
फिल्म के ट्रेलर के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रिया विभाजित है. कुछ लोग दिलजीत दोसांझ का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई लोग पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने पर सवाल उठा रहे हैं. अब देखना होगा कि यह विवाद फिल्म की रिलीज को कैसे प्रभावित करता है.