सलमान ने 'बिग बॉस 19' में ट्रम्प पर कसा तंज, कहा- 'शांति पुरस्कार चाहिए?'
मुंबई । मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने 'बिग बॉस 19' के ताजा एपिसोड में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर सूक्ष्म रूप से तंज कसा. शनिवार को प्रसारित इस एपिसोड में सलमान ने हाउसमेट्स को सप्ताह भर की तकरार के लिए फटकार लगाते हुए एक मजेदार टिप्पणी की, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया.
सलमान ने कहा, "ये क्या हो रहा है पूरी दुनिया में. जो सबसे ज्यादा ट्रबल फैला रहे हैं, वही शांति पुरस्कार मांग रहे हैं."
यह टिप्पणी ट्रम्प के उन दावों की ओर इशारा मानी जा रही है, जिसमें उन्होंने भारत-पाकिस्तान सीजफायर और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को सुलझाने में अपनी भूमिका का दावा किया था और नोबेल शांति पुरस्कार की चाहत जताई थी.
सलमान की इस टिप्पणी का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ. दर्शकों ने उनकी चुटकी को खूब सराहा और इसे ट्रम्प की टिप्पणियों से जोड़ा.
एक एक्स यूजर ने लिखा, "सलमान भाई न्यूज देखते हैं? ये तो सोचा ही नहीं था!"
एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "सलमान भाई ने बिग बॉस में ट्रम्प की खिंचाई कर दी." एक और यूजर ने मजाक में कहा, "अब ट्रम्प के जवाब का इंतजार है, हाहा!"
फरहाना भट्ट और अभिषेक पर सलमान की फटकार
सलमान की टिप्पणी का मुख्य निशाना कश्मीरी शांति कार्यकर्ता फरहाना भट्ट थीं, जो कैप्टेंसी टास्क के दौरान अभिषेक बजाज के साथ गरमागरम बहस में उलझ गई थीं. दरअसल, अभिषेक ने टास्क के दौरान फरहाना को अपनी बाहों में उठा लिया था, जिसके बाद फरहाना ने उन पर गुस्सा निकाला.
हालांकि अभिषेक ने अपने इस 'अनजाने' कदम के लिए माफी मांगी, लेकिन फरहाना ने इसे तूल दे दिया.
इसके अलावा, फरहाना ने भोजपुरी अभिनेत्री नीलम गिरी को "दो कौड़ी की औरत" कहकर अपमानित किया, जिस पर सलमान ने उन्हें कड़ा जवाब दिया. सलमान ने कहा, "फरहाना, आप किस एंगल से शांति कार्यकर्ता लगती हैं? आपका अहंकार इतना बड़ा है कि आप खुद को पता नहीं क्या समझती हैं. नीलम ने ऐसा क्या किया कि आपने उसे 'दो कौड़ी' कहा?"
जब फरहाना ने अपने गुस्से को सही ठहराने की कोशिश की, तो सलमान ने तुरंत पलटवार किया, "दिलाऊं मैं आपको गुस्सा? आप समझ नहीं रही हैं कि आप कितना गलत कर चुकी हैं."
अभिषेक और फरहाना के विवाद पर सलमान ने कहा, "अभिषेक ने अनजाने में टास्क के दौरान आपको उठाया था, उस वक्त आप मुस्कुरा रही थीं. इसके बाद अभिषेक ने कितनी बार माफी मांगी, ये पूरे घर ने देखा है."
सलमान की इस टिप्पणी ने न केवल बिग बॉस के फैंस बल्कि सोशल मीडिया यूजर्स को भी खूब हंसाया. यह एपिसोड न सिर्फ हाउसमेट्स के ड्रामे के लिए बल्कि सलमान के मजेदार तंज के लिए भी चर्चा में रहा. अब देखना यह है कि क्या ट्रम्प इस पर कोई प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं!
(फोटो- प्रतीकात्मक)