सक्ती: खेत में बिछाए अवैध करंट की चपेट में आने से चरवाहे की मौत
सक्ती । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले अंतर्गत डभरा थाना क्षेत्र के कटौद गांव में अवैध रूप से खेत में दौड़ाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से 62 वर्षीय किसान रोहित कुमार बरेठ की जान चली गई. रोहित कुमार गांव की 'गौधाम सेवा समिति' के तहत अपने दो सहयोगियों, हेम कुमार साहू और ओम कुमार चंद्रा के साथ मवेशियों को चराने निकले थे.
इसी दौरान जब कुछ गायें पास के खेत की ओर बढ़ने लगीं, तो उन्हें रोकने के प्रयास में रोहित अनजान में वहां लगे बिजली के नंगे तारों के संपर्क में आ गए.
तारों में तेज करंट प्रवाहित होने के कारण वह मौके पर ही झुलस कर गिर पड़े. साथ मौजूद साथियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें किसी तरह तार से अलग किया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद से मृतक के परिवार में शोक की लहर है. वहीं, खेतों में फसलों की सुरक्षा के नाम पर अवैध रूप से खतरनाक बिजली के तार बिछाने की इस प्रवृत्ति पर स्थानीय ग्रामीणों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है.
ग्रामीणों ने आरोपी किसान पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ पीड़ित परिवार को अविलंब उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है. डभरा पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.