रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट

H

Hupendra Sharma

18 अग. 2025, 07:23 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

बारिश
बारिश

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में पिछले तीन-चार दिनों से बारिश हो रही है. इस दौरान राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. पिछले 24 घंटों में दुर्ग संभाग के जिलों में सबसे ज्यादा बारिश हुई है.


वहीं मौसम विभाग ने सोमवार को बस्तर संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है. इसके लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

विज्ञापन


बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा में रेड अलर्ट और कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है.


इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में आंधी तूफान के साथ गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 


मौसम विभाग के मुताबिक विदर्भ क्षेत्र में बने निम्न दबाव और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से राज्य में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा.


पिछले 24 घंटों की बात करें तो दुर्ग संभाग के जिलों में सबसे ज्यादा बारिश हुई. जिसमें दुर्ग में 14, अंतागढ़ में 9, गुंडरदेही में 7, राजनांदगांव में 6, अंबागढ़ चौकी, पाटन, डोंगरगांव में 5-5 मिमी बारिश दर्ज की गई.


इसी तरह भिलाई, कुकरेल, दोरनापाल, मैनपुर में 4 और कुछ स्थानों पर 4 सेमी से भी कम बारिश हुई.


1 जून से अब तक 735.9 मिमी बारिश

छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 735.9 मिमी. औसत वर्षा रिकार्ड की गई है. राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 1140.8 मिमी. वर्षा रिकार्ड की गई है. बेमेतरा जिले में सबसे कम 369.4 मिमी. वर्षा दर्ज हुई है.


रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 646.7 मिमी., बलौदाबाजार में 579.9 मिमी., गरियाबंद में 631.9 मिमी., महासमुंद में 587.8 मिमी. और धमतरी में 637.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज हुई है.


बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 734.5 मिमी., मुंगेली में 749.6 मिमी., रायगढ़ में 859.6 मिमी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 623.2 मिमी., जांजगीर-चांपा में 916.9 मिमी., सक्ती में 779.5 मिमी., कोरबा में 753.1 मिमी., गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 693.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है.


दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 606.2 मिमी., कबीरधाम में 536.7 मिमी., राजनांदगांव में 686.5 मिमी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 908.2 मिमी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 535.1 मिमी, बालोद में 776.0 मिमी. औसत वर्षा हुई है.


इसी तरह सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 531.0 मिमी., सूरजपुर में 867.3 मिमी., जशपुर में 769.7 मिमी., कोरिया में 836.9 मिमी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 751.9 मिमी. औसत बारिश हो चुकी है.


बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 947.5 मिमी., कोंडागांव में 651.8 मिमी., कांकेर में 821.7 मिमी., नारायणपुर में 838.1 मिमी., दंतेवाड़ा में 869.6 मिमी., सुकमा में 706.6 मिमी., बीजापुर में 938.5 मिमी बारिश हुई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP