शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

राजनांदगांव: डबरी में नहाते समय डूबे दो मासूम सगे भाई-बहन

C

CG Khabar

18 अग. 2026, 04:19 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पानी में डूबना
पानी में डूबना

राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के औंधी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में दो सगे मासूम भाई-बहनों की पानी में डूबने से अकाल मृत्यु हो गई. स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों में भाग लेने के अगले ही दिन हुई इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. बच्चों की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.


प्राप्त विवरण के अनुसार, औंधी निवासी जीवन तिर्की की 12 वर्षीया पुत्री सृष्टि और 7 वर्षीय पुत्र एलेक्स रविवार को रविवार की छुट्टी होने के कारण घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत के पास बनी डबरी (छोटे तालाब) की ओर नहाने गए थे. दोपहर में निकले दोनों बच्चे जब काफी समय बीत जाने के बाद भी घर वापस नहीं लौटे, तो चिंतित परिजन उनकी खोजबीन करते हुए खेत की तरफ पहुंचे. 


डबरी के किनारे बच्चों के कपड़े रखे देख परिजनों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ. इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से तत्काल पानी में तलाशी अभियान शुरू किया गया. काफी प्रयासों के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.


घटना के समय मौके पर कोई मौजूद नहीं था, परंतु प्राथमिक अनुमान और परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि पहले छोटा भाई गहराई में जाने के कारण डूबने लगा होगा, और उसे बचाने के प्रयास में बड़ी बहन भी गहरे पानी की चपेट में आ गई. 


गौरतलब है कि इस मानसून सीजन के दौरान इस अंचल के ग्रामीण इलाकों में डबरियों और तालाबों में बच्चों के डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. क्षेत्र में अब तक जलभराव वाले गड्डों और जलाशयों के कारण 5 मासूम अपनी जान गंवा चुके हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP