रायपुर-दुर्ग रोड में खारुन पुल की मरम्मत पर उठे सवाल
रायपुर-दुर्ग रोड में खारुन पुल की मरम्मत, पूरे अप्रैल आवाजाही में होगी मुश्किल
रायपुर | संवाददाता : रायपुर और दुर्ग के बीच नेशनल हाईवे-53 पर कुम्हारी स्थित खारुन नदी पुल की मरम्मत का काम 1 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है. यह काम लगभग एक महीने तक चलेगा और इस दौरान इस मार्ग पर एक तरफ से ही आवाजाही की अनुमति होगी.
हालांकि खारुन नदी पुल की मरम्मत से पहले ही विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर विवाद शुरु हो गया है. असल में नेशनल हाईवे के अधिकारियों ने बीते साल बिना विस्तृत तकनीकी परीक्षण के ही लगभग 16 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया था. टेंडर मिलते ही संबंधित एजेंसी ने काम की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं लेकिन अचानक काम को रोक दिया गया.
अब लगभग एक साल बाद मरम्मत कार्य दोबारा शुरू किया जा रहा है, उससे ठीक पहले कराए गए थर्ड पार्टी सर्वे में अलग ही तस्वीर सामने आई है. ताज़ा जांच रिपोर्ट के मुताबिक पुल के बेयरिंग फिलहाल ठीक स्थिति में हैं और उन्हें बदलने की जरूरत नहीं है. जबकि पहले बनाए गए प्रस्ताव में 56 बेयरिंग और 10 एक्सपेंशन जॉइंट बदलने के साथ सड़क की नई लेयर बिछाने की योजना शामिल थी.
आवाजाही होगी प्रभावित
हर दिन करीब डेढ़ लाख वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस और एनएचएआई ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है. लोगों को सलाह दी गई है कि अगर उन्हें एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पहुंचना है, तो वे सामान्य समय से कम से कम एक घंटा पहले घर से निकलें.
मरम्मत के दौरान पुल के केवल एक हिस्से से ही दोनों तरफ का ट्रैफिक बारी-बारी से चलाया जाएगा. इस व्यवस्था के कारण पुल पर लंबे जाम की स्थिति बन सकती है.
पुलिस ने चंदनीडीह से कुम्हारी टोल तक ओवरटेकिंग पर पूरी तरह रोक लगा दी है. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
ट्रैफिक पुलिस ने यह भी कहा है कि जो लोग एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, अस्पताल या किसी परीक्षा के लिए इस रास्ते का उपयोग करते हैं, वे पहले से समय का ध्यान रखें. खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में यहां ज्यादा देर तक फंसना पड़ सकता है.
जाम से बचने के लिए कुछ वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं. नया रायपुर या एयरपोर्ट जाने वाले लोग भिलाई-दुर्ग से आते समय सेलूद, पाटन और अभनपुर के रास्ते जा सकते हैं. वहीं भिलाई-दुर्ग से रायपुर आने वालों के लिए सेलूद, फूंडा, जामगांव और अमलेश्वर का मार्ग बेहतर विकल्प रहेगा.
चरोदा और भिलाई-3 क्षेत्र के निवासी सिरसा गेट, मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंच सकते हैं. इसके अलावा कार और बाइक चालक रायपुर से दुर्ग जाते समय चंदनीडीह से बाएं मुड़कर पुराने रपटे पुल या भाठागांव-अमलेश्वर मार्ग का उपयोग कर सकते हैं.