रायगढ़: शराब दुकान के गार्ड पर पिस्टल से फायरिंग
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक देशी शराब दुकान के बाहर सुरक्षा में तैनात गार्ड को गोली मारने का गंभीर मामला सामने आया है. पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय कंपोजिट मदिरा दुकान पर सोमवार देर रात करीब 10:30 बजे एक अज्ञात बदमाश ने पिस्टल जैसे हथियार से गार्ड पर जानलेवा हमला कर दिया.
आरोपी ने अचानक फायरिंग कर दी, जिससे गोली सीधे सुरक्षा गार्ड के पेट में जा लगी. गंभीर रूप से घायल अवस्था में गार्ड ने परिसर के आहाते के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई और तुरंत अपने साथियों तथा डायल 112 को घटना की सूचना दी.
वारदात की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पूंजीपथरा थाना पुलिस, साइबर सेल और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची.
घटनास्थल की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया, जिसमें संदिध युवक एक हाथ में पिस्टल और दूसरे हाथ में मोबाइल थामे साफ नजर आ रहा है. फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है.
पीड़ित गार्ड चंद्रशेखर पटेल (43 वर्ष), जो ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के माध्यम से यहां तैनात है, की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
चंद्रशेखर ने बताया कि दुकान बंद होने के बाद अक्सर कुछ असामाजिक तत्व वहां जमा होकर उपद्रव मचाते हैं.
घटना की रात एक युवक आया और गाली-गलौज करते हुए अचानक हथियार निकालकर गोली चला दी. पूंजीपथरा पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.