रायगढ़: स्कूल में घुसे बाहरी युवक, 9वीं के छात्र पर चाकू से हमला
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित चक्रधर नगर शासकीय स्कूल में सोमवार को लंच ब्रेक के दौरान हिंसा की खबर सामने आई है. 6 से 7 बाहरी युवकों ने स्कूल की बाउंड्रीवाल फांदकर परिसर में प्रवेश किया और कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले एक 16 वर्षीय छात्र को बाहर बुलाया. इसके बाद दो युवकों ने उस पर चाकू से वार कर दिया, जिससे छात्र कमर के निचले हिस्से में गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के तुरंत बाद सहपाठियों ने स्कूल प्रशासन को सूचित किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमलावर दोनों युवकों सहित मारपीट में शामिल एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, पीड़ित छात्र और आरोपियों के बीच पहले से दोस्ती थी और कुछ दिन पूर्व हुए आपसी विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया.
इस घटना के विरोध में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की.
ABVP पदाधिकारियों ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की हिंसक गतिविधियां विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं, इसलिए स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत किया जाना चाहिए. पुलिस प्रशासन ने मामले की गहन जांच का आश्वासन देते हुए पीड़ित को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है.