खरसिया में ₹3000 के विवाद में युवक की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह वारदात ग्राम परसकोल की है, जहां दो दिन पूर्व अनिल कुमार चौहान नामक व्यक्ति का रक्त रंजित शव एक खेत में बरामद हुआ था. जांच में सामने आया कि महज 3000 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया और आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर अनिल की जान ले ली.
पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी की रात आरोपी राहुल यादव और मृतक के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हुई थी. राहुल ने कुछ समय पहले नौकरी लगवाने के नाम पर अनिल को 3000 रुपये दिए थे, जिसे वापस मांगने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया.
आक्रोश में आकर आरोपी ने कन्या छात्रावास के पास अनिल पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया. अगले दिन सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए, तब इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा हुआ.
मामले की गंभीरता को देखते हुए खरसिया पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए. संदेह के आधार पर जब ग्राम बगबुडवा निवासी राहुल यादव को हिरासत में लिया गया, तो उसने पहले पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, खून से सने कपड़े और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.