रायगढ़: एसपी कार्यालय के आरक्षक की ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एसपी कार्यालय के समंस-वारंट सेल में तैनात 26 वर्षीय आरक्षक सुजीत मिंज का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर पाया गया है. सोमवार की देर रात हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि मौत से कुछ घंटे पहले की उनकी गतिविधियां सामान्य से काफी अलग थीं.
मिली जानकारी के अनुसार, सुजीत सोमवार शाम अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे और कुछ समय अपने दोस्तों के साथ भी बिताया. रात करीब 9 बजे वह दोस्तों से यह कहकर निकले कि उन्हें वापस ड्यूटी पर जाना है, जबकि उस समय उनकी कोई आधिकारिक ड्यूटी नहीं थी.
घर पहुंचने के बाद वह बिना किसी को कुछ बताए चुपचाप निकल गए. देर रात करीब 2 बजे जीआरपी को रनिंग रूम लॉबी के पास एक युवक का शव मिला, जिसकी पहचान मोबाइल के आधार पर आरक्षक सुजीत मिंज के रूप में हुई. प्रारंभिक जांच में मौत का कारण ट्रेन की चपेट में आना बताया जा रहा है.
जांच के दौरान पुलिस को सुजीत के सोशल मीडिया प्रोफाइल ने चौंका दिया है. सुजीत ने 'द लास्ट विश' (अंतिम इच्छा) नाम से अपनी आईडी बनाई थी, जिसकी अब गहनता से पड़ताल की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह किसी मानसिक तनाव में थे या यह महज एक दुर्घटना है.
सुजीत का पारिवारिक इतिहास भी पुलिस विभाग से जुड़ा रहा है. उनके पिता और चाचा विभाग में प्रधान आरक्षक के पद पर रहे हैं. माता-पिता के निधन के बाद सुजीत को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी. फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया गतिविधियों के जरिए मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.