रायगढ़: लापता मरीज का अस्पताल के टॉयलेट में मिला शव
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के गायनिक वार्ड के पास बने कॉमन टॉयलेट में मंगलवार की सुबह एक 50 वर्षीय मरीज का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की शिनाख्त सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भिखमपुरा निवासी नारद लहरे के रूप में की गई है. लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित नारद को बीते 9 अगस्त की शाम इलाज के लिए मेडिसिन वार्ड में दाखिल कराया गया था.
घटनाक्रम के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे जब मरीज की पत्नी सो रही थी, तब वह अचानक अपने बेड से उठकर वार्ड से बाहर निकल गया. सीढ़ियों से नीचे उतरकर वह गायनिक वार्ड के पास स्थित टॉयलेट में पहुंचा और वहां खिड़की के सहारे फंदा लगा लिया.
सुबह करीब साढ़े 5 बजे से लापता मरीज की पत्नी और वार्ड बॉय लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका. लगभग साढ़े 10 बजे जब एक अन्य मरीज का परिजन टॉयलेट गया, तब उसने शव देखकर अस्पताल प्रशासन को सूचित किया.
अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस को दी गई प्राथमिक जानकारी के मुताबिक मृतक अत्यधिक शराब पीने का आदी था.
इस दुखद घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि परिसर में 140 सीसीटीवी कैमरे और तीन पालियों में बाउंसरों सहित दर्जनों सुरक्षाकर्मी तैनात हैं.
इसके बावजूद एक भर्ती मरीज पांच घंटे तक लापता रहा और सुरक्षा तंत्र को इसकी भनक तक नहीं लगी. सूचना मिलते ही पुलिस और अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.