राहुल का PM मोदी पर तंज- 'मोगैंबो' की तरह खत्म कर रहे लोकतंत्र
चेन्नई । डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने चेन्नई में आयोजित अपनी छात्र आउटरीच पहल 'छात्रों की गूंज' के छठे संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने पीएम मोदी की तुलना बॉलीवुड की मशहूर फिल्म 'मिस्टर इंडिया' के चर्चित खलनायक 'मोगैंबो' से करते हुए आरोप लगाया कि वे देश के लोकतांत्रिक ढांचे को ध्वस्त कर रहे हैं. इस दौरान मंच के पीछे लगी बड़ी स्क्रीन पर फिल्म के दृश्य में अमरीश पुरी के चेहरे पर पीएम मोदी का चेहरा सुपरइम्पोज करके दिखाया गया.
'15 साल का नाटक अब खत्म होने वाला है'
छात्रों और युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी देश में 'वोट चोरी' के जरिए लोकतंत्र की बुनियाद हिला रहे हैं. उन्होंने कहा, "समस्या यह है कि पीएम मोदी यह नहीं समझ पा रहे हैं कि अब खेल खत्म हो चुका है. बीते 15 वर्षों से वे जो नाटक कर रहे हैं, उसका अंत करीब है. उन्होंने देश के खिलाफ जो अपराध किए हैं, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें उसकी कीमत चुकानी पड़े."
दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज का उठाया मुद्दा
राहुल गांधी ने दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार असहमति और विरोध की आवाजों को दबाने का काम कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया, "हाल ही में दिल्ली में पूरे शहर को बंद कर दिया गया और पुलिस के जरिए छात्रों को पिटवाया गया. इतना ही नहीं, भाजपा ने अपने असामाजिक तत्वों (गुंडों) को भेजकर छात्रों पर हमले करवाए." राहुल ने छात्रों को बिना किसी डर के खड़े रहने का संदेश दिया और आश्वासन दिया कि संविधान और लोकतंत्र पर प्रहार करने वाले हर व्यक्ति को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.
तमिल भाषा, संस्कृति और इतिहास पर हमले का आरोप
तमिलनाडु के मुद्दों पर बात करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु की संस्कृति, भाषा और इतिहास पर 'पूर्णकालिक हमला' बोल दिया है. उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP) और तीन-भाषा फॉर्मूले के माध्यम से राज्य पर जबरन हिंदी थोपने की कोशिश की जा रही है. इसके साथ ही उन्होंने परिसीमन (Delimitation) प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस व्यवस्था के जरिए तमिलनाडु को सजा दी जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी.
'जिज्ञासा और सवाल पूछना ही लोकतंत्र का आधार'
राहुल गांधी ने युवाओं से कहा कि प्रगति की नींव हमेशा सवाल पूछने और तर्क करने से ही रखी जाती है. लोकतंत्र भी जिज्ञासा और प्रश्न उठाने की आजादी से ही पैदा होता है. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार युवाओं की इसी जिज्ञासा और सवाल पूछने की क्षमता को खत्म करने पर तुली है.