शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़िया मज़दूरों की हत्या पर राहुल-खड़गे ने जताया शोक

C

CG Khabar

01 अग. 2026, 11:46 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

छत्तीसगढ़िया मज़दूर
छत्तीसगढ़िया मज़दूर

रायपुर | संवाददाता : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम ज़िले में हुए चरमपंथी हमले में दो प्रवासी मज़दूरों की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गहरा दुख व्यक्त किया है.


दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की मांग की.


राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए दुस्साहसी आतंकी हमले में देश के दो श्रमिकों की हत्या अत्यंत दुखद है. शोकाकुल परिवारों को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. आतंकियों के ऊपर इस कायराना हमले के लिए सख्त कार्रवाई हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा मिले. आतंकवाद के खिलाफ देश हमेशा एकजुट है."


वहीं, मल्लिकार्जुन खड़गे ने हमले को अत्यंत निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला बताया.


उन्होंने एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुआ कायराना आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला है. दो निर्दोष मज़दूरों की पहचान पूछकर उनकी निर्मम हत्या करना आतंक की क्रूर मानसिकता का घिनौना उदाहरण है."


"इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है. शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं. दोषियों के ख़िलाफ़ जल्द और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए उन्हें कानून के अनुसार सख्त से सख्त सज़ा दी जानी चाहिए."


दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम ज़िले में शुक्रवार शाम संदिग्ध चरमपंथियों की ओर से की गई गोलीबारी में दो प्रवासी मज़दूरों की मौत हो गई.


दोनों मज़दूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और केलम इलाक़े में एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे. दीपक रात्रे सक्ती जिले के बुंदेली गांव के निवासी थे. वहीं, भूपेंद्र भैना सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुईहा गांव के रहने वाले थे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP