पंजाब: अमृतसर में AAP नेता की गोली मारकर हत्या
अमृतसर । डेस्क: पंजाब के अमृतसर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहाँ रविवार 4 जनवरी, 2026 को एक शादी समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता और सरपंच झर्मल सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तरनतारन जिले के गांव वल्तोहा के रहने वाले झर्मल सिंह अमृतसर में एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. कार्यक्रम के दौरान ही कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनके बेहद करीब (पॉइंट-ब्लैंक रेंज) से उन पर फायरिंग कर दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक गोली सीधे झर्मल सिंह के माथे पर लगी, जिससे वे वहीं गिर पड़े. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव गहरा होने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार घटना स्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. वहां मौजूद चश्मदीदों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं.
हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष तलाशी अभियान शुरू किया गया है.
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है.