LPG के दाम बढ़ोतरी के खिलाफ महिला दिवस के दिन विरोध प्रदर्शन
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) पर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. एस्प्लेनेड में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) के खिलाफ धरने पर बैठीं मुख्यमंत्री ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी वृद्धि और महिला मतदाताओं के नाम काटे जाने को लेकर कड़ा रुख अपनाया.
ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्र ने पिछले दो दिनों में गैस के दामों में ₹119 की बढ़ोतरी की है और 21 दिन पहले बुकिंग का नियम बनाकर आम जनता के सामने भोजन का संकट खड़ा कर दिया है. उन्होंने मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य से अपील की कि महिलाएं कल बर्तनों के साथ रैलियां निकालें और विरोध स्वरूप काले कपड़े पहनें, जबकि उन्होंने खुद सफेद कपड़े पहनने की बात कही.
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि शादी के बाद सरनेम बदलने के बहाने बड़ी संख्या में महिला मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, जिसे उन्होंने लोकतंत्र के खिलाफ एक "स्वार्थी खेल" बताया.
उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वास्तविक मतदाताओं को हटाया गया, तो वे दिल्ली की सरकार उखाड़ फेंकेंगी.
इसी दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त राज्यपाल आर.एन. रवि पर भी तीखा हमला बोला और उन्हें "भाजपा का तोता" करार दिया.
इसके साथ ही, युवाओं को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने 'बंगलार युवा साथी' योजना के तहत 80 लाख से अधिक बेरोजगारों के खातों में ₹1,500 की मासिक सहायता राशि आज से ही भेजने की घोषणा की, जो पहले अप्रैल से शुरू होनी थी.