प्रियंका गांधी ने दिल्ली में असम कांग्रेस के शीर्ष नेताओं संग की बैठक
नई दिल्ली । डेस्क: असम के विस्तृत दौरे से लौटने के तुरंत बाद कांग्रेस की कद्दावर नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली में असम कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ एक महत्वपूर्ण सांगठनिक और रणनीतिक बैठक की. 10 जनपथ पर आयोजित इस हाई-प्रोफाइल बैठक में असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बारीकी से चर्चा की गई.
प्रियंका गांधी, जो कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन भी हैं, ने चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रिपुन बोरा, घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष प्रद्युत बोरदोलोई, विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया और प्रचार समिति के अध्यक्ष रकिबुल हुसैन के साथ राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विचार-विमर्श किया.
बैठक के बाद रिपुन बोरा ने बताया कि प्रियंका गांधी का हालिया असम दौरा अभूतपूर्व रहा, जहाँ उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों से लेकर जिला और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया. प्रियंका ने दिल्ली में चारों प्रमुख समितियों के अध्यक्षों से व्यक्तिगत रूप से भी मुलाकात की और जमीनी स्तर पर चुनावी रणनीति को मजबूत करने के लिए उनके सुझाव लिए.
इसी बीच, प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई के साथ हुई अलग से बैठक में प्रियंका गांधी ने भूपेन बोरा के पार्टी छोड़ने के मामले पर कड़ा रुख अपनाया. सूत्रों के अनुसार, प्रियंका ने गोगोई से स्पष्ट रूप से पूछा कि वरिष्ठ नेताओं की शिकायतों पर समय रहते ध्यान क्यों नहीं दिया गया और उनकी समस्याओं का समाधान समय पर क्यों नहीं हुआ.
एक ओर जहाँ दिल्ली में चुनावी बिसात बिछाई जा रही थी, वहीं दूसरी ओर असम की राजधानी गुवाहाटी में राजनीतिक तनाव चरम पर पहुँच गया. गुवाहाटी स्थित कांग्रेस मुख्यालय 'राजीव भवन' के सामने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प की खबर आई.
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उनके पोस्टर और बैनर फाड़े और कार्यकर्ताओं पर हमला किया. कांग्रेस नेता रातुल कलिता सहित कई कार्यकर्ता इस झड़प में घायल हुए हैं.
कांग्रेस महासचिव विपुल गोगोई ने इस घटना की निंदा करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि पुलिस ने हमलावरों को रोकने के बजाय कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ही लाठीचार्ज किया. पार्टी ने इस घटना को लोकतंत्र के लिए काला दिन करार देते हुए पुलिस के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है.