मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग की तैयारी, रिपब्लिकन सांसद का प्रस्ताव

रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव पेश कर अमेरिकी राजनीति में खलबली मचा दी है. मध्यावधि चुनाव में मिली हार और ईरान युद्ध के विवादों के बीच इस हफ्ते प्रतिनिधि सभा में वोटिंग की संभावना है.

C

CG Khabar

10 नव. 2026, 03:43 AM 3 मिनट में पढ़ें 90

पीट हेगसेथ- अमेरिकी रक्षा मंत्री
पीट हेगसेथ- अमेरिकी रक्षा मंत्री

नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उनकी ही पार्टी रिपब्लिकन के प्रतिनिधि थॉमस मैसी (केन्याकी) ने सोमवार को उनके खिलाफ महाभियोग के आठ प्रस्ताव पेश किए हैं. इसके साथ ही चालू सप्ताह में ही अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में इस मुद्दे पर मतदान की स्थिति बन गई है.

यह असामान्य राजनीतिक कदम ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में संपन्न मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में पूर्ण बहुमत हासिल कर अपनी मजबूत वापसी दर्ज की है. उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सहित कई रिपब्लिकन नेताओं ने चुनाव में मिली इस करारी हार की बड़ी वजह हेगसेथ के नेतृत्व में चल रहे ईरान युद्ध को माना है.

मैसी, जो मई में अपनी ही रिपब्लिकन प्राइमरी में पुनर्निवार्चन की दौड़ हार गए थे, उन्होंने सदन के पटल से हेगसेथ के खिलाफ आठ प्रस्ताव पढ़कर सुनाए. इन आरोपों में युद्ध शक्तियों से जुड़े संसदीय प्रस्तावों की अनदेखी कर युद्ध लड़ना, कैरिबियन में ड्रग तस्करों पर हमले के नाम पर गैर-न्यायिक हत्याएं करवाना और दिग्गज सीनेटर मार्क केली की अभिव्यक्ति की आजादी का दमन करना शामिल है.

प्रस्ताव पेश करते हुए मैसी ने कहा कि हेगसेथ का यह आचरण दिखाता है कि यदि वे पद पर बने रहते हैं, तो वे संविधान के लिए निरंतर खतरा साबित होंगे. उन्होंने मांग की कि हेगसेथ पर महाभियोग चलाकर उन्हें पद से हटाया जाए और भविष्य में किसी भी लाभ या सम्मान के सरकारी पद के लिए अयोग्य घोषित किया जाए.

प्रस्ताव के विशेषाधिकार प्राप्त होने के कारण प्रतिनिधि सभा के रिपब्लिकन नेतृत्व को दो विधायी दिनों के भीतर इस पर मतदान कराना, इसे टालना या समिति के पास भेजना होगा. प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन के पास 218-214 का बेहद मामूली बहुमत है. ऐसे में यदि अपनी ही पार्टी के कुछ सांसदों ने पाला बदला, तो हेगसेथ पर महाभियोग का प्रस्ताव पास हो सकता है.

डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि सभा के अल्पमत नेता हकीम जेफ्रीज ने भी हेगसेथ के महाभियोग का पुरजोर समर्थन करते हुए उन पर अपनी शक्तियों के दुरुपयोग और ईरान में विफल युद्ध छेड़ने के आरोप लगाए हैं. 

दूसरी ओर, रक्षा मंत्री हेगसेथ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इस लड़ाई का सामना करने की तैयारी कर रहे हैं. हेगसेथ ने पेंटागन में अपनी प्रतिक्रिया रखने के लिए मंगलवार सुबह एक प्रेस कांफ्रेस बुलाई है.

यदि प्रतिनिधि सभा में यह महाभियोग प्रस्ताव पारित होता है, तो इसके बाद सीनेट में सुनवाई और मतदान होगा. 

हेगसेथ को पद से हटाने के लिए सीनेट के दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी. उल्लेखनीय है कि इससे पहले अंतिम बार 2024 में गृह सुरक्षा मंत्री अलेजांद्रो मयोरकास और उससे पहले 1876 में युद्ध सचिव विलियम बेलकनैप के खिलाफ महाभियोग लाया गया था, हालांकि सीनेट में दोष सिद्ध नहीं हो सका था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
फ्रांस में प्रदर्शन- फाइल फोटो
देश-विदेश

फ्रांस: विरोध प्रदर्शनों के बीच 1.6% बढ़ा न्यूनतम वेतन, 1 दिसंबर से लागू होगी नई दर

7 घंटे पहले

गाज़ा में विनाश
देश-विदेश

ब्रिटेन संसद से 1 लाख लोगों ने की गाजा युद्ध में यूके की भूमिका की जांच की मांग

7 घंटे पहले

सोना- चीन खरीद रहा है सोना
देश-विदेश

चीन में चमका सोना: गिरते दामों के बीच केंद्रीय बैंक और युवा ग्राहकों की बढ़ी खरीदारी

7 घंटे पहले

डोनाल्ड ट्रंप- राष्ट्रपति अमेरिका
देश-विदेश

ईरान युद्ध रोकने ट्रंप का दांव: चीन-रूस संग बैठक की तैयारी

8 घंटे पहले

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
देश-विदेश

मल्लिकार्जुन खरगे के 'खुशियों की ईद' टिप्पणी पर हमलावर हुई BJP, कांग्रेस का पलटवार

11 घंटे पहले

शेख हसीना को नया पारसपोर्ट देने से बांग्लादेश का इंकार
देश-विदेश

बांग्लादेश का शेख हसीना को पासपोर्ट देने से इनकार, भारत से मांगी प्रत्यर्पण

12 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP