चाचा ने 4 साल के भतीजे की हत्या कर अंग निकाला, ऑनलाइन बेचने का था इरादा
जल्दी पैसा कमाने का लालच और सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल इंसान को किस हद तक ले जा सकता है, इसकी खौफनाक मिसाल जशपुर में सामने आई है. एक व्यक्ति ने अपने ही 4 साल के मासूम रिश्तेदार की बलि चढ़ा दी.
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोशल मीडिया पर जल्दी अमीर बनने के तरीके खोजते-खोजते एक 27 वर्षीय व्यक्ति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. आरोपी बासुदेव उर्फ टांगनू ने अपने ममौरे भाई के चार साल के मासूम बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी और उसके शव से गुर्दे, फेफड़े और आंखें निकाल लीं.
आरोपी का इरादा इन अंगों को ऑनलाइन बेचकर रातों-रात मोटा पैसा कमाने का था. पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर को सन्ना थाने में अपने बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जो 5 नवंबर से लापता था.
रामजीत करीब एक साल पहले काम के सिलसिले में सन्ना गांव स्थित आमटचुआ नदी बांध के पास झोपड़ी बनाकर रहने आया था. आरोपी बासुदेव, जो उसका रिश्तेदार है, अक्सर उनके घर आया-जाया करता था.
शनिवार को परिजनों के साथ तलाश के दौरान रामजीत को मक्के के खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बोरे में लिपटा अपने बेटे का शव मिला.
पुलिस ने संदेह के आधार पर चालनी गोररापाठ गांव निवासी बासुदेव को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
आरोपी ने बताया कि वह दैनिक मजदूरी की कमाई से असंतुष्ट था और सोशल मीडिया पर जल्दी पैसा कमाने के रास्ते तलाशता रहता था, वहीं से उसे छोटे बच्चों के अंग निकालकर बेचने का विचार आया.
5 नवंबर को आरोपी मासूम को बहला-फुसलाकर ले गया, जहां उसने शराब और चिकन खरीदा तथा बच्चे को भी शराब पिला दी.
जब बच्चा नशे में सो गया, तब आरोपी ने चाकू से उसका गला रेत दिया और शरीर को काटकर गुर्दे, फेफड़े तथा आंखें निकालकर एक प्लास्टिक की बाल्टी में रख लिए.
इसके बाद उसने शव को कंबल और रजाई में लपेटकर बोरे में भरा और खेत के पानी भरे गड्ढे में दबा दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार, निकाले गए अंगों से भरी बाल्टी और अन्य सामान बरामद कर लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. (Follow up story)