रायगढ़ में झाड़-फूंक के नाम पर रेप और ठगी, तांत्रिक और महिला साथी गिरफ्तार
रायगढ़ के घरघोड़ा में अंधविश्वास के नाम पर युवती से रेप और 6 लाख की ठगी. पुलिस ने तांत्रिक चंद्र कुमार और उसकी साथी गायत्री को गिरफ्तार कर भेजा जेल.
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से अंधविश्वास और ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने 40 वर्षीय अविवाहित पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पकड़ा गया आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल (45) तांत्रिक बनकर लोगों को झांसे में लेता था, जबकि उसकी महिला साथी गायत्री महंत (39) इस पूरे षड्यंत्र में बराबर की भागीदार थी.
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर लैलूंगा क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता को अपने जाल में फंसाया था.
घटना की शुरुआत मार्च 2026 में हुई थी, जब पीड़िता की पहचान एक परिचित महिला के माध्यम से चंद्र कुमार से हुई, जो अस्पताल पारा स्थित किराए के मकान में रहता था. हाथ देखकर भविष्य बताने और झाड़-फूंक से बीमारियों के इलाज का दावा करने वाले आरोपी से पीड़िता ने संपर्क कर अपनी शारीरिक तकलीफों व शादी में आ रही बाधाओं का जिक्र किया.
आरोपी ने तंत्र-मंत्र से सब ठीक करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद 8 मार्च को पूजा-पाठ के नाम पर उसे अपने किराए के मकान में बुलाया. वहां मौजूद गायत्री महंत ने पीड़िता को नहाकर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने को कहा और खुद वहां उपस्थित रहने का भरोसा दिलाकर उसकी झिझक दूर की.
पूजा के दौरान आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल ने पीड़िता को अभिमंत्रित जल के नाम पर नशीली दवा मिला हुआ पानी पिला दिया. पानी पीते ही युवती बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए.
होश में आने पर जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने इसे बीमारी और शादी की रुकावटें दूर करने की प्रक्रिया बताकर शांत कराने का प्रयास किया. इसके उपरांत तंत्र-मंत्र के नाम पर शुरुआती रकम लेने के बाद, आरोपियों ने वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने और विभिन्न बहानों से पीड़िता से कुल 6 लाख रुपये वसूल लिए.
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब पीड़िता की समस्याएं दूर नहीं हुईं और उसे ठगी का अहसास हुआ, तो उसने रकम वापस मांगने और पुलिस में जाने की बात कही.
इस पर आरोपियों ने उसे डराया और धमकाया. अंततः पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर 5 नवंबर को घरघोड़ा थाने में आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दबिश दी और चंद्र कुमार जायसवाल व उसकी सहयोगी गायत्री मानिकपुरी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.