ब्रिटेन संसद से 1 लाख लोगों ने की गाजा युद्ध में यूके की भूमिका की जांच की मांग
गाजा अभियानों में ब्रिटिश हथियारों और एयरबेस के इस्तेमाल की सार्वजनिक जांच के लिए ब्रिटेन संसद में याचिका पर 1 लाख से ज्यादा हस्ताक्षर पूरे हुए.
नई दिल्ली । डेस्क: ब्रिटेन की संसद की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज एक याचिका पर 1,00,000 से अधिक लोगों ने अपने हस्ताक्षर कर दिए हैं, जिसके बाद अब यूके पार्लियामेंट को इस विषय पर बहस करने के लिए विचार करना होगा. इस याचिका में गाजा में इजरायली अभियानों में ब्रिटिश भागीदारी की सार्वजनिक जांच की मांग की गई है. इसमें हथियारों की बिक्री, आपूर्ति, निगरानी विमानों का उपयोग और रॉयल एयर फोर्स के ठिकानों के इस्तेमाल से जुड़ी जांच शामिल करने का आग्रह किया गया है.
इस पहल को पूर्व लेबर पार्टी नेता जेरेमी कॉर्बिन द्वारा शुरू की गई वामपंथी 'योर पार्टी' की कार्यकारी समिति की अध्यक्ष जेनिफर फोर्ब्स ने लॉन्च किया है. याचिकाकर्ताओं ने एक ऐसी जांच की मांग की है जिसके पास निर्णय लेने में शामिल सरकारी मंत्रियों और अधिकारियों से पूछताछ करने का अधिकार हो.
जेरेमी कॉर्बिन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि वे जब तक जांच हासिल नहीं कर लेते तब तक पीछे नहीं हटेंगे.
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन, इजरायल का एक दीर्घकालिक सहयोगी है. अल जजीरा की 2024 की एक जांच में यह दावा किया गया था कि ब्रिटेन ने गाजा युद्ध में इजरायल को सैन्य सहायता प्रदान करने के लिए हवाई पुल बनाया और ब्रिटेन स्थित कंपनियां जेट विमानों के महत्वपूर्ण हिस्से की आपूर्ति करती हैं.
हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार हाल के महीनों में ब्रिटेन की नीति में बदलाव आया है और जुलाई में पद संभालने के बाद प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने माना था कि लेबर पार्टी का इजरायल पर रुख गलत था.
यूके संसद की वेबसाइट पर 1 लाख से अधिक हस्ताक्षर वाली याचिकाएं आना असामान्य नहीं है और वर्तमान में भी पेंशन उम्र घटाने तथा आटे में फोलिक एसिड न मिलाने जैसी कई याचिकाएं 1 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी हैं. संसद के लिए ऐसी याचिकाओं पर केवल बहस के लिए विचार करना आवश्यक होता है, कानून बनाना नहीं.