रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

प्रतापपुर: घरेलू विवाद के बाद महिला का पेड़ से लटका मिला शव

C

CG Khabar

21 सित. 2026, 03:34 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

सूरजपुर । संवादाता: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना इलाके में ग्राम खोरमा केराडांड में 30 वर्षीया महिला बिंदु अगरिया का शव रविवार सुबह उनके ही घर के पास स्थित एक पेड़ पर फांसी के फंदे से झूलता पाया गया. परिजनों की नजर जब शव पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया. 


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है.

विज्ञापन


शुरुआती पड़ताल और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस दुखद घटना से ठीक एक दिन पहले 19 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे मृतका का अपने 32 वर्षीय पति उमेश अगरिया के साथ किसी पारिवारिक बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था. इस दौरान बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट की नौबत आ गई और पति द्वारा महिला को दो थप्पड़ मारे जाने की बात सामने आई है. 


हालांकि, परिजनों का कहना है कि विवाद के कुछ देर बाद ही दोनों के बीच आपसी सहमति से मामला शांत हो गया था और पूरी रात सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था.


मामले में नया मोड़ तब आया जब रात में करीब 9 बजे दंपति ने साथ में खाना खाया और सोने चले गए, लेकिन अगली सुबह बिंदु का संदिग्ध परिस्थितियों में घर के समीप पेड़ से लटका हुआ शव मिला. 

अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. फिलहाल पुलिस पति से पूछताछ करने के साथ-साथ मौत के असल कारणों को खंगालने में जुटी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह खुदकुशी का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP