भाजपा अध्यक्ष की बांकीपुर से जीते प्रशांत किशोर
नई दिल्ली । डेस्क: बिहार और मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी को भारी राजनीतिक झटके का सामना करना पड़ा है. पार्टी ने अपने शासन वाले दोनों राज्यों की दो प्रमुख सीटें गंवा दी हैं.
सबसे बड़ा उलटफेर बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर देखने को मिला, जहां जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा अध्यक्ष की पारंपरिक सीट पर कब्जा जमा लिया है.
2010 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद यह उपचुनाव हुआ था. इस करारी हार ने भाजपा के सबसे मजबूत गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में पार्टी के संगठन और उम्मीदवार चयन की रणनीतियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
दूसरी ओर, मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी भाजपा को शिकस्त का सामना करना पड़ा है, जहां कांग्रेस के कुंवर घनश्याम सिंह ने जीत हासिल की.
हालांकि, भाजपा ने गुजरात के वडोदरा जिले की मांझलपुर सीट को बरकरार रखकर अपनी साख बचाई है.
इन उपचुनावों के नतीजों से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकारों के स्थायित्व पर तो असर नहीं पड़ेगा, लेकिन राज्य के राजनीतिक माहौल और प्रशासनिक छवि पर इसका गहरा प्रभाव माना जा रहा है.
विश्लेषकों के अनुसार, दतिया में कांग्रेस और बांकीपुर में प्रशांत किशोर की यह ऐतिहासिक जीत जन-असंतोष, पेपर लीक जैसे प्रशासनिक मुद्दों और स्थानीय स्तर पर बदले राजनीतिक व सामाजिक समीकरणों की ओर स्पष्ट इशारा करती है.