पेट्रोल-डीजल के दाम 90 पैसे बढ़े
नई दिल्ली । डेस्क: मंगलवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 90 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है. बीते एक हफ्ते के भीतर ईंधन के दामों में यह दूसरी बड़ी वृद्धि है. इससे पहले पिछले शुक्रवार को भी कीमतों में प्रति लीटर 3 रुपये का इजाफा किया गया था. इस नए बदलाव के बाद देश के प्रमुख महानगरों में ईंधन के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो पहले 97.77 रुपये थी. वहीं, डीजल के दामों में 91 पैसे की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसके बाद अब दिल्ली में डीजल 90.67 रुपये के मुकाबले 91.58 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
आर्थिक राजधानी मुंबई में भी पेट्रोल-डीजल के दामों में जोरदार तेजी आई है. मुंबई में पेट्रोल 91 पैसे महंगा होकर 107.59 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94 पैसे की बढ़त के साथ 94.08 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है.
इस बढ़ोतरी में सबसे ज्यादा असर कोलकाता में देखने को मिला है. कोलकाता में पेट्रोल की कीमतों में 96 पैसे की सबसे बड़ी वृद्धि हुई है, जिससे यहां पेट्रोल का दाम 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गया है. इसके साथ ही डीजल भी 94 पैसे महंगा होकर 96.07 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है.
चेन्नई की बात करें तो यहां पेट्रोल 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर और डीजल 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है. लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ना तय माना जा रहा है.
गौरतलब है कि इसी माह 15 तारीख को जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े थे तब राहुल गांधी ने तंज कसते हुए X पर लिखा था, "गलती मोदी सरकार की, कीमत जनता चुकाएगी." उन्होंने मौजूदा बढ़ोतरी को सिर्फ शुरुआत बताते हुए कहा कि ₹3 का झटका लग चुका है और बाकी की 'वसूली' किस्तों में की जाएगी.