पालघर सड़क हादसा: टेंपो और कंटेनर की टक्कर में 13 की मौत
मुंबई । डेस्क: महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा दहानू तालुका के धनीवारी गांव के पास करीब शाम 4 बजे हुआ, जब एक सगाई समारोह में जा रहे मेहमानों से भरा आइशर टेंपो सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक से टकरा गया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पलट गए और कई यात्री उनके नीचे दब गए.
पुलिस के अनुसार, टेंपो में क्षमता से अधिक यानी 50 से ज्यादा लोग सवार थे. शुरुआती जांच में अत्यधिक गति, सड़क का संकरा होना और चालक का नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.
दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घायलों को तुरंत कासा उपजिला अस्पताल और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है.
इस दर्दनाक घटना पर शोक व्यक्त करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. इस हादसे ने सगाई की खुशियों को मातम में बदल दिया है.