पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल 55 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ
इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान में शहबाज शरीफ की सरकार ने ईरान संकट के बाद बढ़ती वैश्विक तेल कीमतों के बीच बड़ा फैसला लेते हुए पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतों में एक झटके में 55 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है. यह पाकिस्तान के इतिहास में ईंधन की कीमतों में सबसे बड़ी वृद्धि बताई जा रही है.
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने उप प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री इशाक डार और वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब के साथ देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की.
नई कीमतों के अनुसार हाई-स्पीड डीजल की एक्स-डिपो कीमत 280.86 रुपये से बढ़ाकर 335.86 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी है. वहीं पेट्रोल की कीमत 266.17 रुपये से बढ़ाकर 321.17 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, यानी लगभग 17 प्रतिशत की वृद्धि.
सरकार ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता को देखते हुए अब पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों की समीक्षा हर सप्ताह की जाएगी. पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा कि जैसे ही वैश्विक स्थिति सुधरेगी, उसी गति से कीमतों में कमी भी की जाएगी.
उधर सरकार का कहना है कि फिलहाल देश में पेट्रोलियम का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आर्थिक स्थिति स्थिर है, लेकिन पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सरकार सतर्क है.
कीमतों में बढ़ोतरी की खबर के बाद देश के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं, क्योंकि लोग सस्ती दर पर ईंधन भरवाने के लिए रात में ही पंपों पर पहुंच गए.
एक दिन पहले प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में ईंधन संकट की आशंका के बीच ‘वर्क फ्रॉम होम’ और ‘डिस्टेंस लर्निंग’ जैसे उपायों पर विचार किया गया था, लेकिन फिलहाल इसे एक सप्ताह के लिए टालने का फैसला लिया गया है. Symbolic Photo