शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पाकिस्तान सेना ने कहा- शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व सीखे नई दिल्ली

C

CG Khabar

17 मई 2026, 04:44 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

भारत-पाक
भारत-पाक

नई दिल्ली । डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है. भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान सेना ने इसे उकसाने वाला बताया है. पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में नई दिल्ली को नसीहत देते हुए कहा गया है कि उसे पाकिस्तान के महत्व को स्वीकार करना चाहिए और शांतिपूर्वक सह-अस्तित्व की राह पर चलना चाहिए.


दरअसल, भारतीय सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी ने शनिवार को एक कड़ा संदेश देते हुए कहा था कि अगर पड़ोसी देश आतंकियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ गतिविधियां चलाना बंद नहीं करता, तो उसे तय करना होगा कि वह भूगोल का हिस्सा रहना चाहता है या इतिहास का. 


इस बयान को पाकिस्तानी सेना ने गैर-जिम्मेदाराना करार दिया है. पाक सेना का कहना है कि एक परमाणु संपन्न देश को अपनी भाषा में संयम, परिपक्वता और रणनीतिक समझदारी दिखानी चाहिए. इस तरह की धमकियां देना मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है.


पाकिस्तानी सेना ने भारत को चेतावनी भरे लहजे में यह भी कहा कि किसी भी तरह के दुस्साहस का अंजाम दोनों देशों के लिए बेहद गंभीर हो सकता है. बयान में पिछले साल मई में हुए चार दिनों के सैन्य संघर्ष का भी जिक्र किया गया. 


गौरतलब है कि पिछले साल ७ मई को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाकर हवाई हमले किए थे, जिसमें कई आतंकी ठिकाने ध्वस्त कर दिए गए थे. इसके बाद दोनों देशों में तनाव चरम पर पहुंच गया था, जिसे १० मई को हॉटलाइन वार्ता के बाद शांत किया जा सका था. 


पाकिस्तान ने भारतीय नेतृत्व को सलाह दी है कि वे दक्षिण एशिया को किसी नए संकट या युद्ध की ओर धकेलने से बचें, क्योंकि इसके परिणाम पूरे क्षेत्र के लिए विनाशकारी होंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP