पाकिस्तान में 24 घंटे में 52 आतंकी ढेर
इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान के विभिन्न प्रांतों में पिछले 24 घंटों के भीतर सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करते हुए कम से कम 52 आतंकियों को मार गिराया है. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ये ऑपरेशन पंजाब, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में चलाए गए, जिनमें मारे गए अधिकांश आतंकी प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े थे.
पंजाब प्रांत के मियांवाली जिले में काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट ने एक खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की, जहाँ 6 आतंकी मारे गए. अधिकारियों के मुताबिक, ये आतंकी पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर हमले की योजना बना रहे थे.
वहीं, सबसे बड़ी कार्रवाई बलूचिस्तान में हुई, जहाँ दो अलग-अलग अभियानों में 41 आतंकियों को ढेर कर दिया गया. हरनाई जिले में 30 और पंजगुर में 11 आतंकी मारे गए.
पंजगुर में हुई कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने पिछले साल दिसंबर में बैंक डकैती में लूटी गई राशि भी बरामद की है.
खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में भी 10 घंटे चली मुठभेड़ में एक कमांडर सहित 5 TTP आतंकी मारे गए, हालांकि इस दौरान तीन नागरिकों की भी जान चली गई. सुरक्षा बलों ने इन ठिकानों से भारी मात्रा में विस्फोटक, सुसाइड जैकेट और आधुनिक हथियार जब्त किए हैं.