'बिलोंगिंग' में छलका दर्द: यूपीए-2 के दौरान सोनिया गांधी ने लड़ी थी कैंसर से जंग
यूपीए सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान सोनिया गांधी की सेहत को लेकर कई अफवाहें उड़ी थीं, लेकिन अब उनकी आत्मकथा 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' ने इन तमाम रहस्यों से पर्दा उठा दिया है. किताब में उन्होंने अपनी दो गंभीर सर्जरी, इलाज के सही स्थान और जीवन के कठिन पलों को साझा किया है.
नई दिल्ली । डेस्क: सोनिया गांधी की हाल ही में जारी हुई आत्मकथा 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में उनकी सेहत से जुड़े उन राज़ों का आधिकारिक खुलासा किया गया है, जो अब तक केवल राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय थे. इस किताब में उन्होंने स्वीकार किया है कि यूपीए सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान वे कैंसर की बीमारी से जूझ रही थीं.
इसके साथ ही सोनिया गांधी ने उन अफवाहों को भी खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जाता था कि उनका इलाज न्यूयॉर्क के मेमोरियल स्लोअन केटरिंग कैंसर सेंटर में हुआ था. किताब के अनुसार, उनकी पहली सर्जरी इटली के मिलान स्थित 'यूरोपियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी' में प्रसिद्ध सर्जन डॉ. वेरोनेसी द्वारा की गई थी.
भारत में मीडिया के भारी जमावड़े और हंगामे से बचने के लिए उन्होंने विदेश में सर्जरी कराने का फैसला किया था. पहली सर्जरी के दौरान दो ट्यूमर हटाए गए थे.
इसके एक साल बाद, नियमित जांच के दौरान उनके अग्न्याशय (पैनक्रियाज) में एक नई गांठ का पता चला. इसके इलाज के लिए उन्हें नीदरलैंड्स के रोटरडैम में स्थित 'इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर' भेजा गया, जहां डॉ. कैस्पर वैन आइजक ने उनकी सर्जरी की.
गनीमत यह रही कि यह ट्यूमर शुरुआती और प्री-कैंसर चरण में ही पकड़ में आ गया था. दोनों ही गंभीर सर्जरी के समय राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उनके साथ मौजूद थे.
किताब में अगस्त 2016 की एक अन्य घटना का भी जिक्र है, जब वाराणसी में एक लंबे रोड शो के दौरान अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण वे बेहोश होकर गिर पड़ी थीं और उनका कंधा टूट गया था.
दिल्ली लाते समय हवाई जहाज में अचेत अवस्था के दौरान उन्हें अपने दिवंगत पति राजीव गांधी का मुस्कुराता हुआ चेहरा दिखाई दिया था, जिसने उन्हें सांत्वना दी. इन घटनाओं के अलावा उन्हें सेहत से जुड़ी कोई बड़ी परेशानी नहीं रही है, हालांकि दिल्ली के जहरीले शीतकालीन प्रदूषण से उन्हें भी तकलीफ होती है.