बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: ACB ने 20 साल पुराने रिश्वत कांड में राकेश शर्मा और मुजीब शाह के खिलाफ पेश की चार्जशीट

छत्तीसगढ़ ACB ने कोंडागांव की विशेष अदालत में 20 साल पुराने ₹5,000 के रिश्वत मामले में पूर्व EE राकेश कुमार शर्मा और पूर्व SDO मुजीब मोहम्मद शाह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है.

C

CG Khabar

11 नव. 2026, 07:49 AM 2 मिनट में पढ़ें 44

ACB-EOW
ACB-EOW

कोंडागांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव स्थित प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट की विशेष अदालत में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 20 साल पुराने रिश्वतखोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए पूर्व एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE) राकेश कुमार शर्मा और पूर्व सब-डिविजनल ऑफिसर (SDO) मुजीब मोहम्मद शाह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है.

यह मामला रूरल इंजीनियरिंग सर्विसेज विभाग से जुड़ा है, जहां शिकायतकर्ता हेमेष कुमार गांधी को आश्रम भवन, उप-स्वास्थ्य केंद्र और बालक छात्रावास के विद्युतीकरण का काम मिला था. इस कार्य का लेआउट देने और लंबित बिलों को पास करने के एवज में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राकेश कुमार शर्मा ने ₹5,000 की रिश्वत मांगी थी. शिकायतकर्ता ने 8 दिसंबर 2006 को इसकी शिकायत ACB से की.

शिकायत के सत्यापन के बाद ACB की टीम ने 14 दिसंबर 2006 को ट्रैप कार्रवाई का आयोजन किया. इस दौरान Executive Engineer राकेश कुमार शर्मा के कहने पर SDO मुजीब मोहम्मद शाह ने शिकायतकर्ता से ₹5,000 की रिश्वत स्वीकार की और कार में सवार होकर भाग निकला. 

ACB की टीम ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी SDO ने टीम के सदस्यों पर कार चढ़ाने की कोशिश की, जिससे एक अधिकारी घायल भी हो गया था. बाद में ACB ने आरोपी द्वारा बोलबोला गांव के पास फेंकी गई पूरी रिश्वत की राशि बरामद कर ली थी. इसके अलावा एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राकेश कुमार शर्मा के सरकारी आवास की तलाशी के दौरान ₹6,30,200 नकद भी जब्त किए गए थे.

मामले की जांच के दौरान रिश्वत की मांग और लेन-देन की रिकॉर्डिंग, पंच गवाहों के बयान, जब्त नकदी, प्रासंगिक दस्तावेज और पॉजिटिव FSL रिपोर्ट ACB को प्राप्त हुई. पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988 की धारा 7, 13(1)(d), 13(2) तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 201 और 34 के तहत चार्जशीट न्यायालय में पेश कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP