ऑपरेशन सिंदूर: राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में अमर हुए 6 जांबाज
नई दिल्ली । डेस्क: भारत सरकार ने पिछले वर्ष सीमा पार चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' में शहीद हुए देश के 6 वीर जवानों के नामों का पहली बार आधिकारिक तौर पर खुलासा किया है. देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले इन जांबाजों के नामों को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक (National War Memorial) की वेबसाइट पर 'रोल ऑफ ऑनर' (Roll of Honour) में शामिल कर लिया गया है.
यह इस बात की पहली औपचारिक पुष्टि है कि मई 2025 में चले इस सैन्य ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना के जवानों ने अपनी शहादत दी थी.
शहीद हुए वीर सैनिकों में हेडक्वार्टर 10 इन्फैंट्री ब्रिगेड के सूबेदार मेजर पवन कुमार, 4 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री के राइफलमैन सुनील कुमार (वीर चक्र), 5 फील्ड रेजिमेंट के लांस नायक दिनेश कुमार, 851 लाइट रेजिमेंट के अग्निवीर मूड मुरलीनायक, 237 फील्ड वर्कशॉप कंपनी के हवलदार सुनील कुमार सिंह और 39 विंग के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (वायु सेना पदक) शामिल हैं.
इन सभी वीरों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के 'त्याग चक्र' (Circle of Sacrifice) की ग्रेनाइट दीवारों पर हमेशा के लिए अंकित किए जाएंगे, जहां आजादी के बाद से देश की सेवा में प्राण न्यौछावर करने वाले हर सैनिक का विवरण दर्ज है.
सरकार ने इन नामों को वर्ष 2025 के दौरान विभिन्न सैन्य अभियानों में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सशस्त्र बलों के कर्मियों की वार्षिक सूची के साथ जारी किया है.
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ था, जिसमें पर्यटकों सहित 26 नागरिकों की जान चली गई थी.
इस कायराना हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने 7 मई 2025 की सुबह 'ऑपरेशन सिंदूर' की शुरुआत की थी. इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में सक्रिय जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक और भीषण एयरस्ट्राइक की थी.
इसके बाद दोनों देशों के सैन्य अभियान महानिदेशकों (DGMO) के बीच हुई उच्च स्तरीय बातचीत के बाद 10 मई 2025 को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी थी.