ईरान-इज़रायल से 4000 भारतीयों को निकाला गया
नई दिल्ली । डेस्क: ईरान और इज़रायल के बीच बढ़ते तनाव के बाद 'ऑपरेशन सिंधु' के तहत लगभग 4000 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप वापस लाया गया. भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी.
जायसवाल ने बताया कि 18 जून से शुरू हुये 'ऑपरेशन सिंधु' के माध्यम से ईरान से 3,426 भारतीय नागरिकों और इज़रायल से 818 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया है.
उन्होंने कहा, "ईरान में लगभग 10,000 और इज़रायल में लगभग 40,000 भारतीय नागरिक रहते हैं. अब तक ईरान से 3,426 भारतीय नागरिक, 11 OCI कार्डधारक, 9 नेपाली और कुछ श्रीलंकाई नागरिकों को निकाला गया है. इसके अलावा, एक ईरानी नागरिक, जो एक भारतीय नागरिक के पति हैं, को भी सुरक्षित निकाला गया है."
उन्होंने आगे बताया कि इस निकासी अभियान के लिए कुल 14 विशेष उड़ानों का उपयोग किया गया. ये उड़ानें ईरान के मशहद, आर्मेनिया के येरेवन और तुर्कमेनिस्तान के अश्गाबात से संचालित की गईं.
इज़रायल में हवाई यातायात बंद होने के कारण वहां से भारतीयों को जॉर्डन और मिस्र के रास्ते स्वदेश लाया गया. चार विशेष उड़ानों के माध्यम से 818 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया गया है.
भारत सरकार ने इस अभियान में सहयोग के लिए मिस्र, जॉर्डन और इज़रायल सरकारों का आभार व्यक्त किया है.
जायसवाल ने बताया कि गुरुवार शाम को आर्मेनिया से एक और उड़ान भारत पहुंची. इसके साथ ही ईरान से वापसी की इच्छा जताने वाले सभी भारतीय नागरिक जल्द ही सुरक्षित स्वदेश लौट आयेंगे.