जांजगीर-चांपा के देवरी-चिचौली पिकनिक स्पॉट पर पर्यटकों की नो-एंट्री
जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में देवरी-चिचौली पिकनिक स्पॉट पर बढ़ते हादसों को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. अब इस खतरनाक पिकनिक स्थल पर सैलानियों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया गया है और सीमा पर मजबूत बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं.
क्षेत्र की भौगोलिक बनावट बेहद जोखिम भरी है, जहां नदी का तेज बहाव, अनदेखे गहरे कुंड और नुकीली आड़ी-तिरछी चट्टानें पल भर में जानलेवा साबित होती हैं.
हाल ही में बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के तीन होनहार छात्रों सहित अब तक कुल 24 लोग इस खतरनाक नदी में समा चुके हैं.
इन लगातार हुईं दर्दनाक मौतों से जागे स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों ने लंबे समय तक कड़े सुरक्षा घेरे की मांग की थी.
जनता के भारी आक्रोश और बढ़ते हादसों के आंकड़े को देखते हुए आखिरकार जिला प्रशासन को इस संवेदनशील इलाके को पूरी तरह सील करने का फैसला लेना पड़ा.