NMDC प्रबंधन ने जनरल मैनेजर HR सुधांशु वर्मा को निलंबित किया
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले स्थित किरंदुल परियोजना में वेस्ट माइनिंग से जंगल, पर्यावरण और स्थानीय आबादी पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को लेकर ग्रामीणों और राजनीतिक दलों के विरोध के बीच एनएमडीसी प्रबंधन ने जनरल मैनेजर (एचआर) सुधांशु वर्मा को निलंबित कर दिया है.
दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले स्थित किरंदुल परियोजना में वेस्ट माइनिंग गतिविधियों से जंगल, पर्यावरण और स्थानीय आबादी पर पड़ रहे प्रतिकूल असर को लेकर पिछले दिनों से विवाद गहराया हुआ था. प्रभावित ग्रामीणों की नाराजगी और खनन से पर्यावरणीय नुकसान की शिकायतों के साथ ही इस मुद्दे पर राजनीतिक विरोध भी सामने आया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस के सात सदस्यीय दल ने किरंदुल पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था और मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए खनन से हुए नुकसान व एनएमडीसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे.
ग्रामीणों के विरोध और राजनीतिक सवालों के इसी घटनाक्रम के बीच अब एनएमडीसी प्रबंधन ने एक कड़ा कदम उठाया है. हैदराबाद स्थित एनएमडीसी निदेशालय से जारी आदेश के तहत किरंदुल कॉम्प्लेक्स में पदस्थ जनरल मैनेजर (एचआर) सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
कंपनी ने यह कड़ा निर्णय एनएमडीसी एम्प्लॉइज कंडक्ट, डिसिप्लिन एंड अपील रूल्स, 1978 के नियम 20 के अंतर्गत लिया है, जिसमें संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित होने का उल्लेख किया गया है.
इस आदेश के सामने आने के बाद यह पूरा मामला सुर्खियों में है. जारी निर्देशों के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान सुधांशु वर्मा का मुख्यालय किरंदुल कॉम्प्लेक्स ही निर्धारित रहेगा और वे कार्यकारी निदेशक की पूर्व अनुमति के बिना अपना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे.
हालांकि, प्रबंधन ने अपने आदेश में इस निलंबन के पीछे के विशिष्ट आरोपों या विस्तृत कारणों को सार्वजनिक नहीं किया है. कार्रवाई का आधार स्पष्ट न होने के कारण प्रस्तावित अनुशासनात्मक कार्यवाही के बिंदुओं को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट होना बाकी है.