कवर्धा: ऑपरेटर ने गलत गांव की काटी बिजली, ट्रांसफार्मर सुधारने चढ़े लाइनमैन की करंट लगने से मौत
कवर्धा के भालपहरी गांव में गुरुवार को बिजली विभाग के एक लाइनमैन की ट्रांसफार्मर मरम्मत के दौरान करंट लगने से जान चली गई. लाइनमैन ने बिजली बंद करने को कहा था, लेकिन ऑपरेटर ने दूसरे गांव की सप्लाई काट दी.
कवर्धा । संवाददातता: छत्तीसगढ़ के कवर्धा स्थित भालपहरी गांव में गुरुवार को ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे बिजली विभाग के एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान भालपहरी गांव के ही निवासी मानक पटेल के रूप में हुई है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब मानक पटेल गांव में लगे ट्रांसफार्मर को सुधारने का काम कर रहे थे. उनके सहकर्मियों ने बताया कि पटेल ने काम शुरू करने से पहले बिजली विभाग और संबंधित ऑपरेटर को इस बात की सूचना दे दी थी कि वे गांव के ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने जा रहे हैं. नियमों के मुताबिक, उन्होंने ऑपरेटर से बिजली की सप्लाई बंद करने को भी कहा था.
सहकर्मियों का आरोप है कि कवर्धा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में मौजूद ऑपरेटर से बड़ी चूक हो गई. उसने भालपहरी गांव के ट्रांसफार्मर की बिजली काटने के बजाय कुसुमघटा गांव के ट्रांसफार्मर की सप्लाई बंद कर दी. इस बात से अनजान मानक पटेल जैसे ही मरम्मत के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़े, वे करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई.
मृतक के परिजन उमेश पटेल ने बताया कि मानक घर के पीछे लगे ट्रांसफार्मर को सुधारने के लिए चढ़े थे. उन्होंने पहले ही बिजली बंद करने का निर्देश दे दिया था, लेकिन ऑपरेटर की गलती के कारण यह हादसा हो गया.
घटना के बाद से मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है. परिवार ने बिजली विभाग पर आपराधिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और इस मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
दूसरी ओर, पंडातराई के कनिष्ठ अभियंता (विद्युत) ने विभाग की ओर से लापरवाही होने की बात स्वीकार की है और पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया है. पुलिस के अनुसार, पटेल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है.