महासमुंद: स्टील प्लांट में खौलती डस्ट गिरने से 5 श्रमिक झुलसे, एक की हालत बेहद नाजुक
महासमुंद के तुमगांव क्षेत्र स्थित एक निजी पावर और स्टील प्लांट में 24 नवंबर की रात भट्टी की सफाई करते समय अचानक गर्म डस्ट गिरने से पांच श्रमिक बुरी तरह झुलस गए. गंभीर रूप से घायल मिथिलेश्वर, हेमंत, भागवत, लाल सिंह और राजकुमार को इलाज के लिए रायपुर के एक निजी बर्न सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित एक निजी पावर और स्टील प्लांट में भट्टी की सफाई के दौरान गर्म औद्योगिक डस्ट गिरने से पांच श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बर्न यूनिट में उनका उपचार चल रहा है. झुलसे हुए श्रमिकों में से एक का शरीर 75 प्रतिशत तक जल गया है.
यह दुर्घटना 24 नवंबर की रात तुमगांव क्षेत्र स्थित प्लांट में हुई, लेकिन पूरा मामला गुरुवार को सामने आया. मिली जानकारी के अनुसार, श्रमिक औद्योगिक भट्टी की सफाई के काम में जुटे थे, तभी वहां जमा गर्म डस्ट अचानक उनके ऊपर आ गिरी. बताया जा रहा है कि यह सामग्री पूरी तरह ठंडी नहीं हुई थी, जिसकी चपेट में आने से पांचों मजदूर बुरी तरह झुलस गए. घायल श्रमिकों की पहचान मिथिलेश्वर, लाल सिंह, राजकुमार, भागवत और हेमंत के रूप में हुई है.
रायपुर स्थित निजी बर्न सेंटर के डॉ. सुनील कालड़ा ने जानकारी दी कि हादसे में मिथिलेश्वर 75 प्रतिशत, हेमंत 60 प्रतिशत, भागवत 55 प्रतिशत, लाल सिंह 45 प्रतिशत और राजकुमार 35 प्रतिशत तक झुलस गए हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, सभी पांचों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. दुर्घटना के तुरंत बाद प्लांट प्रबंधन ने विशेष इलाज के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कर सभी घायलों को रायपुर भिजवाया.
खबरों के मुताबिक, पिछले तीन से चार वर्षों के दौरान इस प्लांट में भट्टी की गर्म डस्ट से जुड़े इसी तरह के कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कुछ श्रमिकों की जान जाने की भी सूचना है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों और प्लांट में औद्योगिक सुरक्षा मानकों के पालन की गहन जांच की जा रही है.