रायपुर: छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड का हाईस्कूल व हायर सेकंडरी पत्राचार परीक्षा 14 से 22 दिसंबर तक
छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड रायपुर द्वारा आयोजित होने वाली हाईस्कूल और हायर सेकंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम की द्वितीय एवं चतुर्थ अवसर परीक्षाओं की समय-सारिणी घोषित कर दी गई है. यह परीक्षाएं 14 दिसंबर से प्रारंभ होकर 22 दिसंबर 2026 तक सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे की पाली में संपन्न होंगी.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड रायपुर द्वारा आयोजित होने वाली हाईस्कूल पत्राचार पाठ्यक्रम की द्वितीय एवं चतुर्थ अवसर परीक्षा के तहत विद्यार्थियों के लिए विषयवार तिथियां तय कर दी गई हैं. इसके अंतर्गत 14 दिसंबर को सामान्य अंग्रेजी और संस्कृत का प्रश्नपत्र होगा, जबकि 15 दिसंबर को सामान्य हिन्दी और 16 दिसंबर को विशिष्ट उर्दू की परीक्षा ली जाएगी. इसके बाद 17 दिसंबर को गणित, 19 दिसंबर को सामाजिक विज्ञान तथा 21 दिसंबर को विज्ञान विषय की परीक्षा संपन्न होगी.
यह जानकारी छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अल्ताफ अहमद ने दी. दरअसल, छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड रायपुर की ओर से हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम की दूसरे और चौथे अवसर की परीक्षाओं के लिए समय-सारिणी जारी कर दी गई है. घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, यह सभी परीक्षाएं 14 दिसंबर से शुरू होकर 22 दिसंबर 2026 तक चलेंगी. परीक्षा के आयोजन का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है.
इसी क्रम में हायर सेकेंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम की द्वितीय एवं चतुर्थ अवसर परीक्षा का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है. इसके तहत पहले दिन 14 दिसंबर को विशिष्ट उर्दू, 15 दिसंबर को राजनीति शास्त्र और 16 दिसंबर को समाजशास्त्र की परीक्षा होगी. वहीं 17 दिसंबर को रसायन शास्त्र, लेखाशास्त्र एवं इतिहास के पर्चे लिए जाएंगे. आगे की तिथियों में 19 दिसंबर को व्यवसाय अध्ययन, गणित, जीव विज्ञान और भूगोल की परीक्षा आयोजित होगी, जबकि 21 दिसंबर को अर्थशास्त्र एवं भौतिकी तथा अंतिम दिन 22 दिसंबर को सामान्य अंग्रेजी एवं सामान्य हिन्दी विषय की परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी.